फिलीपींस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने की मुलाकात
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिलीपींस में अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ से मुलाकात कर रक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

सेबू (फिलीपींस): भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिलीपींस के सेबू में 13वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (ADMM-Plus) के दौरान अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच 'मेजर डिफेंस पार्टनरशिप' के ढांचे की पहली सालगिरह मनाई और रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि रक्षा मंत्री सिंह के साथ उनकी बैठक शानदार रही। उन्होंने बताया कि इस दौरान दोनों देशों ने रक्षा साझेदारी के ढांचे की एक साल की उपलब्धि का जश्न मनाया और आपसी सहयोग को बढ़ाने के रास्ते तलाशे।
बता दें कि साल 2025 में दोनों देशों ने 'यूएस-इंडिया मेजर डिफेंस पार्टनरशिप' के ढांचे पर हस्ताक्षर किए थे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस ढांचे का मकसद रक्षा सहयोग को गहरा करने के लिए एक साझा विजन और नीतिगत दिशा प्रदान करना है, ताकि अगले 10 वर्षों में इस साझेदारी को और बेहतर बनाया जा सके।
राजनाथ सिंह मंगलवार रात को सेबू पहुंचे थे, जहां हवाई अड्डे पर फिलीपींस के रक्षा विभाग के अवर सचिव एम जेन फेबियन एम पेद्रेगोसा ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इस मौके पर फिलीपींस में भारतीय राजदूत हर्ष कुमार जैन और रक्षा attaché कैप्टन चंद्रकांत कोठारी भी मौजूद थे। होटल पहुंचने के बाद रक्षा मंत्री ने वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों और फिलीपींस के नागरिकों से बातचीत की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को ADMM-Plus बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर अपनी बात रखेंगे। सेबू रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि भारत अपनी 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' के तहत आसियान की केंद्रीयता और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरे के दौरान राजनाथ सिंह अमेरिका के अलावा जापान, ऑस्ट्रेलिया, फिलीपींस, सिंगापुर, वियतनाम और दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रियों के साथ भी द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। वहीं, अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और जापान के रक्षा प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की है।