ताजिकिस्तान पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्थानीय लोगों ने हिंदी में किया स्वागत और जताया भारतीय संस्कृति के प्रति प्यार

Gautam Sahu19 October 20261 min read0 viewsWorld
ताजिकिस्तान पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्थानीय लोगों ने हिंदी में किया स्वागत और जताया भारतीय संस्कृति के प्रति प्यार

दुशानबे (ताजिकिस्तान): भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार शाम ताजिकिस्तान की राजधानी दुशानबे पहुंचे। यहां पहुंचे रक्षा मंत्री का होटल में भारतीय समुदाय के लोगों और स्थानीय निवासियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कई स्थानीय लोगों ने राजनाथ सिंह का अभिवादन हिंदी भाषा में किया, जिसे सुनकर रक्षा मंत्री काफी प्रभावित नजर आए।

स्थानीय निवासियों ने भारत और हिंदी भाषा के प्रति अपना लगाव जाहिर किया। यूनिवर्सिटी में हिंदी पढ़ाने वाली सबोहत योरोवा ने बताया कि रक्षा मंत्री का देश आना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि यहां बहुत से बच्चे हिंदी सीखते हैं और उनमें से कई भारत की यात्रा भी करते हैं। योरोवा के मुताबिक ताजिकिस्तान और भारत की संस्कृतियों में काफी समानताएं हैं।

भारत के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए योरोवा ने कहा कि ताजिकिस्तान की आजादी के बाद भारत पहला ऐसा देश था जिसने उसे एक संप्रभु राष्ट्र के रूप में मान्यता दी। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद से ही भारत के साथ सांस्कृतिक रिश्ते मजबूत रहे हैं और भविष्य में ये और गहरे होंगे।

वहीं नेशनल म्यूजियम में हिंदी गाइड के तौर पर काम करने वाली शाहिदा शराफजोडा ने कहा कि उन्हें हिंदी और भारतीय संस्कृति से गहरा लगाव है, इसी वजह से उन्होंने यह भाषा सीखी। शाहिदा ने बताया कि वह भारत में रह चुकी हैं और वहां के लोगों से उन्हें बहुत प्यार मिला। वह नेशनल म्यूजियम में आने वाले भारतीय पर्यटकों का स्वागत करने के लिए हमेशा उत्सुक रहती हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 19 और 20 अक्टूबर को होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए दुशानबे पहुंचे हैं।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin
Share:

Comments

Leave a comment