आरबीआई ने एमिरेट्स एनबीडी की भारतीय शाखाओं के आरबीएल बैंक में विलय को दी मंजूरी अब दिसंबर से एक साथ काम करेंगे दोनों बैंक

मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एमिरेट्स एनबीडी बैंक की भारतीय शाखाओं और आरबीएल बैंक लिमिटेड के विलय की योजना को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी 16 अक्टूबर 2026 को मिली है।
इस विलय की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से औपचारिक रूप से लागू होगी। इसके बाद एमिरेट्स एनबीडी की सभी भारतीय शाखाएं आरबीएल बैंक लिमिटेड की शाखाओं के रूप में काम करना शुरू कर देंगी।
यह मंजूरी बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट 1949 की धारा 44A के सब-सेक्शन (4) के तहत दी गई है। इस एकीकरण की प्रक्रिया अक्टूबर 2025 में शुरू हुई थी, जब एमिरेट्स एनबीडी ने आरबीएल बैंक में बहुमत हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की थी।
एमिरेट्स एनबीडी ने 15 मई 2026 को पुष्टि की थी कि उसे भारत सरकार सहित सभी जरूरी सरकारी और नियामक मंजूरियां मिल गई हैं। इसके बाद 18 जून 2026 को बैंक ने आरबीएल बैंक की शेयर पूंजी में लगभग 2.75 अरब डॉलर (करीब 26,000 करोड़ रुपये) का निवेश कर 60 प्रतिशत बहुमत हिस्सेदारी हासिल कर ली थी।
भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में यह अब तक का सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और इक्विटी फंडरेज माना जा रहा है। यह पहली बार है जब किसी विदेशी बैंक ने किसी मुनाफे वाले भारतीय बैंक में बहुमत हिस्सेदारी खरीदी है।
एमिरेट्स एनबीडी के ग्रुप सीईओ शेन नेल्सन ने इस सौदे को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय बाजार के प्रति संस्थान की लंबी अवधि की रणनीतिक प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है।