लाल सागर में जहाजों पर हमले से दुनिया भर में खलबली, UN ने दी चेतावनी

लाल सागर और बाब अल-मंडब जलडमरूमध्य में जहाजों पर हो रहे लगातार हमलों की वजह से दुनिया भर में चिंता बढ़ गई है। संयुक्त राष्ट्र ने इस मामले पर गंभीर चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इन समुद्री बाधाओं से ग्लोबल एनर्जी मार्केट, फूड सिक्योरिटी और कमजोर देशों की अर्थव्यवस्था खतरे में पड़ गई है। इस बड़ी समस्या को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई थी।
संयुक्त राष्ट्र ने दी कड़ी चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र के सहायक महासचिव खालिद खियारी ने बुधवार को आयोजित इस बैठक में साफ कहा कि समुद्री रास्तों में रुकावट आने से अंतरराष्ट्रीय शांति को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि इस संकट का असर केवल कुछ देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरी दुनिया का व्यापार और ऊर्जा बाजार प्रभावित हो रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून और सुरक्षा परिषद के नियमों का पूरी तरह से पालन करने की अपील की है।
सऊदी अरब पर हुए हमलों की निंदा
खालिद खियारी ने विशेष रूप से सऊदी अरब को निशाना बनाकर किए गए हौथी मिलिशिया के हमलों का जिक्र किया। संयुक्त राष्ट्र ने नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं और देश के ऊर्जा क्षेत्र पर हुए इन हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लाल सागर के महत्वपूर्ण समुद्री गलियारों में सुरक्षा बहाल करने के लिए सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का कड़ाई से पालन करना बेहद जरूरी है ताकि व्यापारिक जहाजों की आवाजाही सुरक्षित हो सके।