कज़ान में रूस-भारत बिजनेस फोरम पर तालिया मिनुल्लिना ने भारत को बड़ा बाज़ार बताया

Kush Singh15 October 20262 min read0 viewsFinance
कज़ान में रूस-भारत बिजनेस फोरम पर तालिया मिनुल्लिना ने भारत को बड़ा बाज़ार बताया

कज़ान (रूस): तातारस्तान इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट एजेंसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी तालिया मिनुल्लिना ने कहा है कि रूस-भारत बिजनेस फोरम से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ने में मदद मिलेगा। बुधवार को कज़ान में दूसरे रूस-भारत बिजनेस फोरम के दौरान ANI से बातचीत में उन्होंने यह बात कही। उनके मुताबिक़ इससे कारोबारियों के बीच नई पहल और संयुक्त उद्यम भी आगे बढ़ेंगे।

फोरम का नाम तातारस्तान इनिशिएटिव म्यूचुअल एफिशिएंसी (TIME) है। मिनुल्लिना ने बताया कि यह सालाना आयोजन रूस के क्षेत्रों और भारत के राज्यों के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में कारोबारी रिश्ते मज़बूत करने के लिए है। उन्होंने इसे रूस और भारत के बीच कारोबारी स्तर का सबसे बड़ा आयोजन बताया।

मिनुल्लिना ने भारत को रूसी कारोबारियों के लिए बड़ा बाज़ार बताया। उन्होंने कहा, "भारत एक विशाल बाज़ार है और रूसी कारोबारियों के लिए इसमें बहुत अवसर हैं। मुझे भरोसा है कि यह मंच दोनों देशों के कारोबार और संयुक्त उद्यमों को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएगा।"

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin

तातारस्तान और भारत के बीच व्यापार के आंकड़े भी उन्होंने रखे। उनके अनुसार पिछले साल यह कारोबार 30 करोड़ डॉलर था, जबकि 2026 की पहली छमाही में ही यह एक अरब डॉलर से ऊपर पहुंच गया है। उन्होंने कहा, "पिछले साल हमने यह फोरम शुरू किया था, और तब तातारस्तान और भारत के बीच 30 करोड़ डॉलर का कारोबार था। इस साल सिर्फ छह महीनों में यह एक अरब डॉलर से ज़्यादा है, यानी यह तीन गुना हो गया है।"

बिज़नेस-टू-बिज़नेस संपर्क बढ़ाने पर ज़ोर देते हुए मिनुल्लिना ने कहा कि दोनों देशों के कारोबारियों को एक-दूसरे के बाज़ार की ज़्यादा जानकारी और संपर्क चाहिए। उन्होंने कहा, "हमें अधिक बिज़नेस-टू-बिज़नेस जानकारी और संपर्कों की ज़रूरत है। जब लोग एक-दूसरे को ज़्यादा जानेंगे, तो यह दोनों देशों के लिए बेहतर होगा। हमें भारत के राज्यों के बारे में और जानने की ज़रूरत है।"

उन्होंने आर्थिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी भी दी। मिनुल्लिना के मुताबिक़ लगभग 50 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें भारतीय फिल्म महोत्सव, क्रिकेट मैच, शतरंज मुकाबले, सम्मेलन, व्यापार सत्र और औद्योगिक इकाइयों के दौरे शामिल थे। उन्होंने बताया कि भारत के अलग-अलग राज्यों से मीडिया को भी बुलाया गया, ताकि भारतीय कारोबारी रूसी बाज़ार के अवसरों को बेहतर समझ सकें।

इसी मौके पर कज़ान में भारत के महावाणिज्य दूत जेयसुंदर देविप्रसाद ने कहा कि फोरम का दूसरा संस्करण दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को मज़बूत करने के लिए है। उन्होंने कहा कि कज़ान और तातारस्तान रूस के सबसे तेज़ी से बढ़ते और समृद्ध हिस्सों में से हैं, इसलिए यहां भारतीय कारोबारी आकर रूसी समकक्षों से मिल रहे हैं। उनके अनुसार इसका मकसद मौजूदा संबंधों को आगे बढ़ाना और राजनीति से आगे बढ़कर आर्थिक सहयोग के नए अवसर तलाशना है।

Share:

Comments

Leave a comment