सऊदी अरब के अल खर्ज इलाके में रविवार शाम हुए एक बड़े हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने राहत भरी खबर दी है। एम्बेसी ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी भी भारतीय नागरिक की जान नहीं गई है। शुरुआती रिपोर्ट्स के बाद प्रवासियों में डर का माहौल था, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि मरने वाले दोनों व्यक्ति बांग्लादेश के नागरिक हैं। इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 11 बांग्लादेशी और एक भारतीय नागरिक शामिल है।

ℹ: Bahrain Drone Attack: बहरीन में ईरानी ड्रोन हमले में 32 घायल, सरकार ने एयरपोर्ट किया बंद और जारी किया अलर्ट

घायल भारतीय का अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय दूतावास ने तुरंत मदद शुरू कर दी। दूतावास के कम्युनिटी वेलफेयर अधिकारी वाई साबिर रविवार रात ही अल खर्ज पहुंचे और वहां घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। घायल व्यक्ति का इलाज अल खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है और एम्बेसी उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि वे इस पूरे मामले को लेकर सऊदी प्रशासन और सिविल डिफेंस के साथ सीधे संपर्क में हैं ताकि सही जानकारी और मदद मिल सके।

एम्बेसी ने भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी

अल खर्ज में एक मेंटेनेंस और क्लीनिंग कंपनी के आवासीय परिसर पर हुए इस हमले के बाद सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसे देखते हुए भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में काम कर रहे सभी प्रवासियों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें सभी भारतीयों से अपील की गई है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और स्थानीय प्रशासन द्वारा बताए गए सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें। एम्बेसी ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में सीधे दूतावास से संपर्क करें और आधिकारिक निर्देशों पर ही भरोसा करें।

Aanya

Aanya is Ex IndiaTV Journalist. She covers Expats oriented news, views and interviews With deep understanding of what Hindi Speaking people needs as updates in daily life to avoid fines, comply rules and stay updated.