सऊदी अरब ने 1 सप्ताह में 11952 प्रवासियों को किया गिरफ्तार, कमाने आने वाले अब जेल और जुर्माना झेलेंगे.
सऊदी अरब ने एक हफ्ते के अभियान में 11,952 प्रवासियों को गिरफ्तार किया है। नियमों के उल्लंघन पर अब जेल और 10 लाख रियाल तक का जुर्माना लगेगा।

रियाद: सऊदी अरब में पैसा कमाने आए प्रवासियों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। सऊदी आंतरिक मंत्रालय ने एक हफ्ते के विशेष अभियान के दौरान रेजिडेंसी, लेबर और बॉर्डर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 11,952 प्रवासियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 5 नवंबर से 11 नवंबर, 2026 के बीच पूरे देश में चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान की गई है।
मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में सबसे ज्यादा 6,163 लोग रेजिडेंसी कानून के उल्लंघन में पकड़े गए। इसके अलावा 3,225 लोगों ने बॉर्डर सुरक्षा कानून तोड़ा और 2,564 प्रवासियों को लेबर कानून के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
अधिकारियों ने अवैध तरीके से किंगडम में प्रवेश करने की कोशिश करने वाले 1,653 लोगों को भी दबोचा है। वहीं, देश से अवैध रूप से बाहर निकलने की कोशिश करने वाले 29 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके साथ ही 15 ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिन्होंने अवैध प्रवासियों को नौकरी पर रखा, उन्हें शरण दी या उनके परिवहन में मदद की।
इस छापेमारी के बाद सरकार ने कुल 40,762 प्रवासियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की है। इनमें 38,383 पुरुष और 2,379 महिलाएं शामिल हैं।
वापसी की कार्रवाई के तहत अब तक 11,418 लोगों को उनके देश डिपोर्ट किया जा चुका है। 22,451 लोगों को यात्रा दस्तावेजों के लिए उनके संबंधित राजनयिक मिशनों के पास भेजा गया है, जबकि 9,800 लोगों को प्रस्थान की अंतिम व्यवस्था पूरी करने के लिए भेजा गया है।
आंतरिक मंत्रालय ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अवैध प्रवासियों को शरण देने, उन्हें ले जाने या नौकरी पर रखने वालों को 15 साल तक की जेल और 10 लाख रियाल तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधों में इस्तेमाल किए गए वाहनों और संपत्तियों को जब्त कर लिया जाएगा, क्योंकि इन्हें गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा गया है।
मंत्रालय ने जनता से अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों की सूचना दें। इसके लिए मक्का, रियाद और पूर्वी प्रांत में 911 और अन्य सभी क्षेत्रों में 999 या 996 इमरजेंसी नंबरों का उपयोग किया जा सकता है।