सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक समेत दो लोगों की मौत, कई अन्य घायल
सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं।

रियाद: सऊदी अरब के दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। इस हमले में कुल दो लोगों की जान गई है, जिनमें एक सऊदी नागरिक भी शामिल है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना में एक भारतीय की मौत की पुष्टि की है।
सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के मुताबिक, इस हमले में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो भारतीय, एक सऊदी नागरिक, दो यमन के निवासी, दो बांग्लादेशी निवासी और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।
सुरक्षा कारणों से इस घटना के बाद एयरपोर्ट का कामकाज कुछ समय के लिए रुक गया था। हालांकि, अब वहां परिचालन फिर से शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।
इसी बीच सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि शैबा तेल क्षेत्र में स्थित अरामको फैसिलिटी पर भी एक अलग ड्रोन हमला हुआ। इस हमले में मलबे की चपेट में आने से एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गया, लेकिन तेल क्षेत्र के कामकाज पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने जानकारी दी है कि यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा छोड़े गए कुल पांच ड्रोन को साम्राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रोककर नष्ट कर दिया गया है।
रियाद में भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह इस मामले में और जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है।