सऊदी अरब में दो नागरिकों को फांसी, सुरक्षा बलों पर की थी गोलीबारी
सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में आतंकवाद के दोषियों फादेल और जवाद को मौत की सजा सुनाई गई। उन्होंने सुरक्षा बलों पर हमला किया था।

रियाद: सऊदी अरब के आंतरिक मंत्रालय ने देश के पूर्वी प्रांत में दो सऊदी नागरिकों को मौत की सजा सुनाई है। फादेल बिन हसन बिन अब्दुल्ला अल-सफवानी और जवाद बिन अब्दुल्ला बिन अली कुरैरिस को आतंकवाद से जुड़े गंभीर अपराधों के लिए फांसी दी गई है।
इन दोनों दोषियों पर सुरक्षा कर्मियों पर सीधी गोलीबारी करने और सुरक्षा मुख्यालयों को निशाना बनाने का आरोप था। इसके अलावा, इन्होंने राज्य के भीतर आतंकी गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता और जरूरी सामग्री मुहैया कराई थी।
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने गहन जांच की, जिसमें दोनों की संलिप्तता की पुष्टि हुई। मामला सक्षम अदालत में भेजा गया, जिसने 'तज़ीर' सिद्धांत के तहत मौत की सजा सुनाई।
इस फैसले को बाद में सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा। इसके बाद शाही आदेश जारी होने पर दोनों दोषियों को फांसी दी गई।
आंतरिक मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि राज्य राष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रालय के मुताबिक, नागरिकों और राज्य सुरक्षा बलों की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ यह कानूनी कार्रवाई शरीयत कानून के तहत की गई है।