सऊदी अरब में सोमवार तक भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी, सिविल डिफेंस ने लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी
सऊदी सिविल डिफेंस ने भारी बारिश और तूफान को लेकर देशभर में अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

रियाद: सऊदी अरब के जनरल डायरेक्टोरेट ऑफ सिविल डिफेंस ने देशभर में भारी बारिश और गरज के साथ तूफान की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने नागरिकों और निवासियों से अत्यधिक सावधानी बरतने को कहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक यह अस्थिर मौसम सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 तक बना रह सकता है। सिविल डिफेंस ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और बाढ़ संभावित क्षेत्रों या घाटियों के पास जमा न होने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने जनता को पानी के स्रोतों में तैरने से बचने और आधिकारिक अपडेट व सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। नेशनल सेंटर ऑफ मेटियोरोलॉजी (NCM) ने कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि और धूल भरी तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है।
इस मौसम का असर जाज़ान, असिर, अल-बहा और मक्का समेत मदीना, हेल, तबुक, अल-जौफ, उत्तरी सीमाओं और पूर्वी प्रांत के उत्तरी हिस्सों में देखने को मिलेगा। इन इलाकों में कोहरा छाने की भी संभावना है। राजधानी रियाद ने संभावित खतरों से निवासियों को आगाह करने के लिए अपना अर्ली वार्निंग सिस्टम सक्रिय कर दिया है।
समुद्री स्थितियों की बात करें तो 23 अक्टूबर शुक्रवार को लाल सागर और अरब खाड़ी में हवा की गति और लहरों की ऊंचाई अलग-अलग रहेगी। लाल सागर के दक्षिणी हिस्से में हवा की रफ्तार 20-45 किमी प्रति घंटा और लहरें दो मीटर तक हो सकती हैं। वहीं अरब खाड़ी में तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
NCM ने इससे पहले 22 अक्टूबर को अल-बहा, असिर और जाज़ान के कुछ हिस्सों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया था। वहां भीषण तूफान, तेज हवाओं और कम दृश्यता की स्थिति बनी हुई थी। विभाग ने लोगों से सुरक्षा के लिए आधिकारिक मौसम रिपोर्ट पर नजर रखने की अपील की है।