सऊदी अरब के मदीना और मक्का समेत कई इलाकों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
सऊदी अरब के मदीना, मक्का और अन्य इलाकों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी। NCM ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

रियाद: सऊदी अरब के कई हिस्सों में बुधवार को मध्यम से भारी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। नेशनल सेंटर फॉर मेटियोरोलॉजी (NCM) ने मदीना, मक्का, असिर, अल-जौफ और उत्तरी सीमा क्षेत्रों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मदीना क्षेत्र के लिए बुधवार सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक रेड अलर्ट लागू किया गया है। इस दौरान भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने, विजिबिलिटी शून्य होने, ओले गिरने और अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई गई है। तटीय इलाकों में ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
वहीं, अल-जौफ और उत्तरी सीमा क्षेत्रों में मंगलवार तड़के 3 बजे से बुधवार दोपहर 1 बजे तक ऑरेंज अलर्ट सक्रिय था। असिर क्षेत्र के लिए दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक और मक्का क्षेत्र के लिए सुबह 10 से शाम 5 बजे तथा दोपहर 2 से रात 9 बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
NCM के पूर्वानुमान के मुताबिक, जाज़ान, असिर, अल-बहा, मक्का, मदीना, हेल, तबुक, अल-जौफ और उत्तरी सीमा क्षेत्रों में भारी तूफान आ सकते हैं। इससे धूल भरी हवाएं चल सकती हैं और अचानक बाढ़ की स्थिति बन सकती है। अल-कासिम और पूर्वी प्रांत में हल्की से मध्यम गरज-चमक के साथ बारिश और कोहरे की संभावना है।
तापमान की बात करें तो मक्का में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बुरायदा में 37 डिग्री, जबकि रियाद, मदीना, जेद्दा और दम्माम में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। सबसे कम तापमान अबहा में 22 डिग्री और अल-बहा में 23 डिग्री रहने की उम्मीद है।
नमी के स्तर पर नजर डालें तो अबहा, तबुक और अल-बहा में यह 90 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। दम्माम में 85 प्रतिशत, जबकि मक्का, जेद्दा, अरार, सकाका और जाज़ान में 80 प्रतिशत ह्यूमिडिटी रहने का अनुमान है। रियाद और नजराना में नमी का स्तर सबसे कम 30 प्रतिशत रहने की संभावना है।