सऊदी अरब में महंगाई को लेकर नया आकड़ा आया सामने, घर रखने वाले के लिए कम हुआ खर्चा
सऊदी अरब में अक्टूबर 2026 में महंगाई दर 1.7% रही। हाउसिंग और यूटिलिटी खर्चों में बदलाव के बीच यह हालिया महीनों का सबसे निचला स्तर है।

रियाद: सऊदी अरब में महंगाई की रफ्तार में गिरावट दर्ज की गई है। जनरल अथॉरिटी फॉर स्टैटिस्टिक्स (GASTAT) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में महंगाई दर घटकर 1.7 प्रतिशत पर आ गई है।
यह आंकड़ा पिछले साल के अक्टूबर महीने की तुलना में है। सितंबर 2026 में महंगाई दर 1.9 प्रतिशत थी, जिसके मुकाबले अक्टूबर में आई यह कमी हाल के महीनों का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है। वहीं, अगर सिर्फ पिछले महीने यानी सितंबर से तुलना करें, तो कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) में 0.1 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी हुई है।
महंगाई के इस वार्षिक रुझान में हाउसिंग, पानी, बिजली, गैस और अन्य ईंधन क्षेत्र की बड़ी भूमिका रही है। इस सेक्टर में 3.5 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, जिसने कुल महंगाई दर में 0.7 प्रतिशत पॉइंट का योगदान दिया। आंकड़ों के अनुसार, वास्तविक हाउसिंग रेंट में 3.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
परिवहन क्षेत्र में भी 2.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे कुल दर में 0.3 प्रतिशत पॉइंट का इजाफा हुआ। इसमें मुख्य रूप से पैसेंजर ट्रांसपोर्ट सेवाओं की कीमतों में साल भर में हुई 9.5 प्रतिशत की वृद्धि का असर दिखा। इसके अलावा, खाद्य और पेय पदार्थों की कीमतों में 1.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसने 0.2 प्रतिशत पॉइंट का योगदान दिया।
बीमा और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में 3.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसमें बीमा लागत में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि मुख्य कारण रही। साथ ही मनोरंजन, खेल और संस्कृति क्षेत्र में भी 2.7 प्रतिशत का इजाफा देखा गया।
हालांकि, कुछ क्षेत्रों में कीमतें घटी भी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फर्नीचर, घरेलू उपकरण और घर के रखरखाव के खर्चों में 0.5 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके अलावा कपड़ों और जूतों की कीमतों में भी 0.2 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जिससे घर रखने वाले लोगों के लिए कुछ खर्चों में राहत मिली है।