सऊदी अरब के मक्का में हवाई खतरे का अलर्ट जारी कर प्रशासन ने लोगों को आगाह किया, बाद में खतरा टलने की खबर
सऊदी अरब के मक्का, ताइफ और यनबू में हवाई खतरे का अलर्ट जारी किया गया। हूती मिलिशिया द्वारा दागी गई मिसाइलों को एयर डिफेंस ने नष्ट किया।

रियाद (सऊदी अरब): सऊदी अरब के मक्का प्रांत में शनिवार को प्रशासन ने हवाई खतरे को लेकर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए स्थानीय निवासियों को संभावित खतरे के प्रति सचेत किया गया था। कुछ समय बाद अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब खतरा टल गया है।
सऊदी सिविल डिफेंस ने मक्का के अलावा जेद्दा, यनबू और ताइफ गवर्नरेट में भी अलर्ट जारी किया था। बाद में इन सभी इलाकों में स्थिति सामान्य होने की पुष्टि की गई। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और भीड़ जमा न करने या वीडियो न बनाने की अपील की है। आपातकालीन स्थिति के लिए 911 नंबर पर कॉल करने की सलाह दी गई है।
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मल्की ने बताया कि एयर डिफेंस ने ताइफ और यनबू की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच में ही रोककर नष्ट कर दिया। ये मिसाइलें हूती मिलिशिया द्वारा लॉन्च की गई थीं। इससे पहले शनिवार को रियाद की तरफ आने वाली एक अन्य बैलिस्टिक मिसाइल को भी नष्ट किया गया था।
दूसरी ओर, यमन के ताइज़ के पूर्वी मोर्चे पर सऊदी समर्थित सरकारी बलों और हूती विद्रोहियों के बीच भीषण झड़पें फिर से शुरू हो गई हैं। इस लड़ाई में भारी हथियारों, आर्टिलरी फायरिंग और हवाई हमलों का इस्तेमाल किया गया।
दक्षिण यमन के लहज प्रांत में भी हूतियों ने अल-मकतरा किले पर हमला किया। एक सैन्य सूत्र के मुताबिक, यह हमला शनिवार तड़के करीब 2 बजे शुरू हुआ। हमले से पहले गुरुवार शाम को हूतियों ने किले के ऊपर एक निगरानी ड्रोन उड़ाया था, जिसे सरकारी बलों ने गिराने की कोशिश की थी।
यमन की सरकारी समाचार एजेंसी सबा के अनुसार, यमनी नेटवर्क फॉर राइट्स एंड फ्रीडम ने ताइज़ गवर्नरट में पिछले 24 घंटों में हूतियों द्वारा 21 अपराधों और उल्लंघनों का दस्तावेजीकरण किया है। इनमें रिहायशी इलाकों में करीब 213 प्रोजेक्टाइल दागने, हत्याएं, अपहरण और घरों में लूटपाट जैसी घटनाएं शामिल हैं।