सऊदी अरब में सर्दियों की दस्तक, आने वाले दिनों में फिर होगी जोरदार बारिश
सऊदी अरब में सर्दियों की आहट के साथ बारिश का नया दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

रियाद: सऊदी अरब में सर्दियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है। वस्म सेंटर के मुताबिक, किंगडम के उत्तरी, पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में एक बार फिर बारिश की लहर देखने को मिलेगी, जिसका असर इस हफ्ते के दूसरे हिस्से में और बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने अल-जौफ, उत्तरी सीमा, हेल, हफर अल-बतिन, मक्का के पहाड़ी इलाकों, असिर, जज़ान और अल-बहा में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, नवंबर के दूसरे हफ्ते में एक और बड़ा वेदर इवेंट आने की उम्मीद है। इसका असर न केवल किंगडम के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों पर पड़ेगा, बल्कि पड़ोसी खाड़ी देशों और लेवेंट क्षेत्र में भी देखा जा सकता है।
नेशनल सेंटर ऑफ मेट्रोलॉजी (NCM) के आंकड़ों के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है। आधिकारिक प्रवक्ता हुसैन अल-काहतानी ने पुष्टि की है कि नवंबर के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में औसत से अधिक बारिश होगी, जिसमें 12 खास इलाकों में तीव्रता अधिक रहने की संभावना है।
NCM की रिपोर्ट के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर 2026 के बीच काफी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश ताएफ (अल-हदा) में 23.0 मिमी और रिजल अल्मा में 22.6 मिमी रिकॉर्ड की गई।
खतरे को देखते हुए जनरल डायरेक्टरेट ऑफ सिविल डिफेंस ने नागरिकों के लिए जरूरी सुरक्षा चेतावनी जारी की है। लोगों को सावधानी बरतने, बाढ़ संभावित क्षेत्रों और घाटियों से दूर रहने और आधिकारिक निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।
मक्का अल-मुकर्रमा के गवर्नरतों, जिनमें अल-कुनफुधा, अल-लिथ, अल-अर्दियात, अधम और अल-कामिल शामिल हैं, के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे तक मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाओं और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड्स) आने का जोखिम बताया गया है।