Saudi Arabia Qiwa Visa: सऊदी अरब ने Qiwa प्लेटफॉर्म पर बदला वर्क वीज़ा नियम, अब ऐसे मिलेगा अप्रूवल.

सऊदी अरब की सरकार ने कामगारों और कंपनियों के लिए एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। सऊदी अरब के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय ने वर्क वीज़ा प्रक्रियाओं को लेकर Qiwa प्लेटफॉर्म पर एक नई आधिकारिक सर्विस लिस्टिंग जारी की है। यह नया अपडेट 8 सितंबर 2026 को जारी किया गया था, जो अब काम करने के तरीके को पूरी तरह से बदल रहा है। इस नए सिस्टम के तहत परमानेंट वर्क वीज़ा, अस्थायी यानी टेम्परेरी वर्क वीज़ा और हज व उमराह सेवाओं के लिए मिलने वाले टेम्परेरी वर्क वीज़ा को एक ही डिजिटल वर्कफ़्लो में जोड़ दिया गया है। इस बदलाव से अब कंपनियों और नौकरी की तलाश कर रहे लोगों दोनों को ही बहुत आसानी होगी, बशर्ते वे सही नियमों का पालन करें।
कम्पनियों के लिए क्या है नया नियम
यह नया अपडेट मुख्य रूप से एम्प्लॉयर यानी नियोक्ता के साइड की सर्विस है। इसका साफ मतलब यह है कि सऊदी की कंपनियां सीधे अपने Qiwa बिजनेस अकाउंट के जरिए ही वीज़ा के लिए आवेदन करेंगी। वहीं दूसरी तरफ, नौकरी की तलाश करने वाले विदेशी नागरिकों यानी एक्सपैट्स को यह सलाह दी गई है कि वे किसी भी कागजात पर आंख मूंदकर भरोसा करने के बजाय अपने कॉन्ट्रैक्ट और वीज़ा कैटेगरी की जांच खुद स्वतंत्र रूप से करें। इस नई सर्विस के आने से योग्य और वैध कंपनियां 'Employee Recruitment/Hire Employees' सेक्शन में जाकर अपनी जरूरत के हिसाब से तीन मुख्य श्रेणियों में से वीज़ा चुन सकती हैं। इन श्रेणियों में लंबी अवधि के अनुबंधों के लिए परमानेंट वर्क वीज़ा, तीन महीने या उससे कम समय के लिए टेम्परेरी वर्क वीज़ा जिसे अतिरिक्त 90 दिनों के लिए बढ़ाया जा सकता है, और विशेष रूप से हज व उमराह सेवाओं के लिए मिलने वाला वीज़ा शामिल है।
वीज़ा पाने के लिए कंपनियों को पूरी करनी होगी ये शर्तें
हर कोई कंपनी इस सर्विस का फायदा नहीं उठा सकती है, इसके लिए सरकार ने कुछ कड़े नियम बनाए हैं। वीज़ा पाने के लिए जरूरी है कि नियोक्ता यानी कंपनी का स्टेटस एक्टिव हो, कमर्शियल रजिस्ट्रेशन वैध हो, वेज प्रोटेक्शन सिस्टम के रिकॉर्ड बिल्कुल सही हों और निताकात क्लासिफिकेशन 'Medium Green' या इससे ऊपर का हो। इसके अलावा कंपनियों के लिए यह भी जरूरी है कि वे अपने रोजगार अनुबंधों को Qiwa पर डॉक्यूमेंटर करें और गृह मंत्रालय के प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त वित्तीय बैलेंस बनाकर रखें। कंपनियों की वीज़ा क्षमता उनकी उम्र और पात्रता के हिसाब से तय की गई है। उदाहरण के लिए, दो साल से कम पुरानी कंपनियां अधिकतम 5 इंस्टेंट वीज़ा प्राप्त कर सकती हैं, जबकि पुरानी और योग्य कंपनियां प्रति सप्ताह अधिकतम 50 वीज़ा प्राप्त कर सकती हैं।
'फ्री वीज़ा' का सच और भारतीय कामगारों के लिए चेतावनी
अक्सर लोग 'फ्री वीज़ा' के झांसे में आ जाते हैं, जिसे लेकर सरकार और दूतावास लगातार चेतावनी देते रहे हैं। सर्विस पेज पर दिखाई देने वाले 'Free' शब्द का मतलब केवल Qiwa डिजिटल सर्विस फीस से है, इसका बिल्कुल यह मतलब नहीं है कि रिक्रूटमेंट, मेडिकल, बीमा या यात्रा का खर्च कामगार के लिए पूरी तरह मुफ्त है। कंपनियों के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वे वीज़ा जारी होने से पहले साइन किए गए एंप्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट दें और मेडिकल इंश्योरेंस पक्का करें। रियाद स्थित भारतीय दूतावास लगातार भारतीय कामगारों को यह सलाह देता रहा है कि बाजार में 'फ्री वीज़ा' नाम की कोई भी वैध कैटेगरी मौजूद नहीं है और न ही टूरिस्ट या विजिट वीज़ा को एंप्लॉयमेंट वीज़ा में बदला जा सकता है। ईसीआर श्रेणी के कामगारों को भर्ती के लिए केवल eMigrate सिस्टम का ही इस्तेमाल करना चाहिए। उम्मीदवारों को यह सलाह दी जाती है कि वे अपने नियोक्ता की कानूनी पहचान की जांच करें, एजेंट का रजिस्ट्रेशन eMigrate पर कंफर्म करें और यह पक्का कर लें कि उनके एंप्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट की सभी बातें, जैसे सैलरी, जॉब टाइटल और वीज़ा कैटेगरी, उस काम से बिल्कुल मेल खाती हों जिसके लिए उन्हें बुलाया जा रहा है।