सऊदी अरब के चार इलाकों में मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और ओले का खतरा
सऊदी अरब के कई इलाकों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और फ्लैश फ्लड की चेतावनी। नेशनल सेंटर फॉर मेटियोरोलॉजी ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट।

रियाद: सऊदी अरब के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। नेशनल सेंटर फॉर मेटियोरोलॉजी (NCM) ने मंगलवार को अल-जौफ, मक्का, उत्तरी सीमाओं और असिर के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आने की संभावना है। इसके अलावा, धूल और रेत उड़ने के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) शून्य के करीब पहुंच सकती है।
अलर्ट के समय की बात करें तो अल-जौफ में दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक, मक्का और असिर में दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक और उत्तरी सीमाओं में शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक खराब मौसम रहने का अनुमान है।
मंगलवार के पूर्वानुमान के अनुसार, जाज़ान, असिर, अल-बहा और दक्षिणी मक्का क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे बाढ़ का खतरा है। वहीं हेल, अल-जौफ, उत्तरी सीमाओं और अल-कासिम व पूर्वी प्रांत के उत्तरी हिस्सों में धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है।
तापमान की बात करें तो दम्माम में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मक्का में 37, मदीना में 36 और रियाद, जेद्दा व बुरायदा में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। जाज़ान में 34, तबुक में 32 और हेल में 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अरार, सकाका और नजरान में तापमान 29, अबहा में 24 और अल-बहा में 23 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
नमी (ह्यूमिडिटी) के स्तर पर नजर डालें तो अबहा और अरार में यह 95 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। दम्माम और अल-बहा में 90 प्रतिशत, जबकि जेद्दा और जाज़ान में 80 प्रतिशत नमी रहने की संभावना है। मक्का में यह 75 प्रतिशत, हेल और सकाका में 70 प्रतिशत, बुरायदा में 60 प्रतिशत, मदीना में 55 प्रतिशत, तबुक में 40 प्रतिशत और रियाद व नजरान में 30 प्रतिशत रहने का अनुमान है।