नागरिक ठिकानों पर हमले बर्दाश्त नहीं, सऊदी गठबंधन ने हूती विद्रोहियों के 82 सैन्य ठिकानों को किया तबाह

सऊदी अरब और यमन के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन बलों ने हूती विद्रोहियों द्वारा नागरिक सुविधाओं पर किए गए हमलों का कड़ा जवाब देते हुए यमन में उनके 82 सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। यह बड़ी कार्रवाई रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अब्हा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों के बाद की गई है।
गठबंधन बलों के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने एक आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि नागरिकों और नागरिक संपत्तियों पर किए गए ये क्रूर हमले कतई माफ नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हूती मिलिशिया की इन हरकतों का जवाब देने के लिए संयुक्त बलों ने एक व्यापक अभियान चलाया, जिसके तहत सादा, अल हुदैदा, अल जोफ और मारिब प्रांतों में स्थित 82 वैध सैन्य लक्ष्यों को निशाना बनाया गया।
मिसाइल साइट्स और कमांड सेंटर हुए जमींदोज
सऊदी गठबंधन के अनुसार, इस सैन्य ऑपरेशन में हूती विद्रोहियों के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें शामिल हैं:
- सादा में स्थित 11 पहाड़ी बैलिस्टिक मिसाइल स्टोरेज साइट्स।
- कमांड और कंट्रोल सेंटर और संचार प्रणालियां।
- हथियारों के भंडारण केंद्र और विद्रोहियों के जमावड़े वाले स्थान।
- सना में एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म, जिसे सऊदी अरब पर हमले के लिए तैयार किया जा रहा था।
इस पूरे विवाद की शुरुआत 6 और 7 अक्टूबर को अब्हा और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों से हुई। जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के मुताबिक, इन हमलों में तीन लोगों की जान चली गई और 36 अन्य घायल हो गए। अब्हा एयरपोर्ट पर दो लोग मारे गए, जबकि किंग खालिद एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति की मौत हुई।
इस घटनाक्रम पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं भी तेज रही हैं। GCC महासचिव जसीम मोहम्मद अल-बुदईवी ने इन हमलों को "व्यवस्थित अपराध" करार दिया और कहा कि हवाई अड्डों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन है। वहीं, सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि हवाई क्षेत्र में खतरों के कारण उड़ानों में देरी या रद्दीकरण की संभावना बनी हुई है। दूसरी ओर, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सा़री ने दावा किया है कि उनके समूह ने सऊदी और सऊदी समर्थित ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं।