सऊदी अरब में अब विज्ञापनों में दिखेंगी प्रतिस्पर्धियों की कीमतें, लागू हुए नए नियम
सऊदी अरब ने उपभोक्ता संरक्षण के लिए नया सिस्टम लागू किया है, जिससे अब विज्ञापन में प्रतिस्पर्धियों की कीमतों की तुलना की जा सकेगी।

रियाद: सऊदी अरब ने उपभोक्ता संरक्षण के लिए एक नया सिस्टम लागू किया है, जिसके तहत अब व्यापारी अपने विज्ञापनों में अपने उत्पादों की कीमतों के साथ-साथ प्रतिस्पर्धियों के उत्पादों की कीमतें भी दिखा सकेंगे। इस कदम का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को कीमतों के अंतर को स्पष्ट रूप से समझाना है।
सऊदी न्यूज द्वारा 13 नवंबर, 2026 को की गई घोषणा के मुताबिक, इस नई व्यवस्था को चार खास नियंत्रणों के दायरे में रखा गया है। इसके तहत विज्ञापनों में दी गई सभी कीमतें और जानकारियां पूरी तरह सटीक और सत्यापन योग्य होनी चाहिए।
नियमों में यह भी साफ किया गया है कि विज्ञापन की सामग्री ऐसी नहीं होनी चाहिए जिससे उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा सके। साथ ही, किसी भी विज्ञापन में प्रतिस्पर्धी कंपनियों या उनके उत्पादों की बुराई करना प्रतिबंधित रहेगा।
व्यापारियों के लिए यह अनिवार्य होगा कि वे निष्पक्ष और वैध प्रतिस्पर्धा के सिद्धांतों का सख्ती से पालन करें।