सऊदी अरब में कुशल कर्मचारियों के लिए राहत, वर्क वीजा के साथ मिलेगा फैमिली वीजा
सऊदी अरब में अब हाई स्किल्ड विदेशी कर्मचारी अपने वर्क वीजा के साथ ही परिवार के लिए एंट्री वीजा आवेदन कर सकेंगे।

रियाद: सऊदी अरब ने हाई स्किल्ड विदेशी कर्मचारियों, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं, के लिए फैमिली वीजा नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब ये कर्मचारी अपने वर्क वीजा आवेदन के साथ ही अपने परिवार के सदस्यों के लिए एंट्री वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह नई नीति आधिकारिक तौर पर 6 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रवासियों के जीवन स्तर में सुधार करना और उच्च कौशल वाले टैलेंट के लिए सऊदी अरब में बसने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए आंतरिक मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और मानव संसाधन एवं सामाजिक विकास मंत्रालय ने मिलकर काम किया है।
पुरानी व्यवस्था में कर्मचारियों को पहले अपनी नौकरी और रेजिडेंसी की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी। इसमें 'येलो स्लिप' प्राप्त करना अनिवार्य था, जिसके बाद ही परिवार के वीजा की प्रक्रिया शुरू की जा सकती थी। अब समानांतर प्रोसेसिंग फ्रेमवर्क के तहत दोनों आवेदन एक साथ आगे बढ़ सकेंगे।
इस नीति के तहत कर्मचारी की पत्नी, अविवाहित बेटियां और 25 साल से कम उम्र के बेटों को आवेदन के लिए पात्र माना गया है।
हालांकि, वर्क वीजा प्रोसेसिंग के दौरान एंट्री वीजा तो मिल जाएगा, लेकिन परिवार के सदस्यों के लिए रेजिडेंस परमिट यानी 'इकामा' का औपचारिक जारी होना उनके किंगडम पहुंचने और स्थानीय कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने पर निर्भर करेगा।
अधिकारी फिलहाल इस प्रक्रिया के विशिष्ट विवरणों की पुष्टि कर रहे हैं। इसमें 'हाई स्किल्ड' कर्मचारियों की आधिकारिक परिभाषा और Absher जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए आवेदन करने के तरीकों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।