सऊदी अरब ने दो लाख पचहत्तर हजार यमनी नागरिकों के निवास स्टेटस को किया सही
सऊदी अरब ने 2.75 लाख यमनी नागरिकों के रेजिडेंसी स्टेटस को सही किया है। यह अभियान किंग सलमान के निर्देश पर शुरू किया गया है।

रियाद: सऊदी अरब ने एक बड़े कदम के तहत दो लाख पचहत्तर हजार यमनी नागरिकों के रेजिडेंसी स्टेटस को सही कर दिया है। यमनी प्रेसिडेंशियल लीडरशिप काउंसिल के प्रमुख डॉ. रशाद अल-अलीमी ने इस जानकारी की पुष्टि की है। उन्होंने अल-इखबरिया चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि इस पहल का लाभ उठाने वाले लोगों की संख्या हर दिन बढ़ रही है।
यह अभियान 11 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक तौर पर शुरू हुआ था। राष्ट्रपति अल-अलीमी के औपचारिक अनुरोध पर किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद ने इसके लिए शाही निर्देश जारी किए थे।
इस पूरे ऑपरेशन की देखरेख सऊदी आंतरिक मंत्रालय कर रहा है। इसमें पासपोर्ट महानिदेशालय, विदेश मंत्रालय, मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय के साथ-साथ सऊदी डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अथॉरिटी (SDAIA) भी सहयोग कर रहे हैं। यह अभियान पूरे किंगडम के सभी क्षेत्रों में दो महीने तक चलेगा।
नियमों के मुताबिक, जिन यमनी नागरिकों के पास दस्तावेज नहीं हैं, वे अबशर प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी राष्ट्रीयता का प्रमाण देकर छह महीने का मुफ्त विजिट वीजा ले सकते हैं। वहीं, जिनके पास वैध पासपोर्ट है लेकिन विजिट वीजा या पहचान पत्र की अवधि खत्म हो गई है और बायोमेट्रिक डेटा रजिस्टर्ड है, उनका स्टेटस इलेक्ट्रॉनिक तरीके से छह महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है।
कामगारों के लिए भी इसमें राहत दी गई है। जिन वर्कर्स का रेजिडेंसी खत्म हो गया है या जिन्हें काम से अनुपस्थित दिखाया गया था, वे अब कवा और मुसानेद जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नए नियोक्ता के पास अपनी सेवाएं ट्रांसफर कर सकते हैं। इसके अलावा, वे बिना किसी री-एंट्री प्रतिबंध के फाइनल एग्जिट वीजा भी प्राप्त कर सकते हैं।