Saudi Arabia: सऊदी ऊर्जा मंत्रालय का बड़ा एक्शन, अगस्त में पकड़ी गईं 847 नियम तोड़ने की घटनाएं।

सऊदी अरब में नियमों को ताक पर रखकर काम करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है और हाल ही में ऊर्जा मंत्रालय ने बड़ा खुलासा किया है। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि उनके निरीक्षण विभागों ने अगस्त 2026 के महीने में कुल 10,746 फील्ड दौरे किए हैं। इन ताबड़तोड़ चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने नियमों के उल्लंघन के कुल 847 मामले पकड़े हैं। यह पूरी कार्रवाई पेट्रोलियम पदार्थों, पेट्रोकेमिकल सामग्री और घरों व दुकानों में इस्तेमाल होने वाली गैस के वितरण को सही तरीके से चलाने के लिए की गई है।
कैसे हो रहा था नियमों का उल्लंघन
मंत्रालय की टीमों ने जांच के दौरान पाया कि कई जगहों पर बिना जरूरी लाइसेंस के ही पेट्रोल और पेट्रोकेमिकल का काम चलाया जा रहा था। इसके अलावा लोग बिना अनुमति के एलपीजी सिलेंडरों को बेच रहे थे और तय किए गए गैस के दामों का भी पालन नहीं कर रहे थे। कई मामलों में तो ऐसा भी सामने आया कि पेट्रोलियम उत्पादों को बिना लाइसेंस वाली गाड़ियों से ढोया जा रहा था और उनका इस्तेमाल ऐसे कामों के लिए हो रहा था जिनकी इजाजत सरकार ने नहीं दी है। इन सभी गड़बड़ियों की वजह से बाजार में आम लोगों और कारोबारियों को परेशानी हो रही थी, जिसे रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है।
24 घंटे काम करती है विभाग की टीम
सरकार की इस सख्ती का मुख्य मकसद बाजार में पारदर्शिता लाना और पेट्रोलियम सप्लाई को सुरक्षित रखना है ताकि किसी भी आम नागरिक को परेशानी न हो। सऊदी अरब भर में मंत्रालय की कुल 20 निरीक्षण शाखाएं दिन-रात काम करती हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एक्शन लिया जा सके और नियमों तोड़ने वालों पर लगाम लगाई जा सके। प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित करने में लगा है कि देश में ईधन और गैस की सप्लाई बिना किसी रुकावट के सही सलामत चलती रहे।
आम जनता के लिए जरूरी सूचना
अगर आपको भी कहीं पर नियमों के खिलाफ काम होता दिखे या गैस और पेट्रोल से जुड़ी कोई गड़बड़ी नजर आए, तो आप चुप न बैठें। आप तुरंत इसकी शिकायत सरकार तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए सरकार ने टोल-फ्री नंबर 1914 जारी किया है जिसपर फोन करके जानकारी दी जा सकती है। इसके अलावा आप चाहें तो Taqah app या फिर Tawakkalna platform का इस्तेमाल करके भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आम लोगों की जागरूकता से ही इन अवैध कामों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है।