सऊदी अरब ने 4 और देशों के लिए टूरिस्ट वीजा नियमों में दी ढील, अब आसानी से मिल सकेगा प्रवेश
सऊदी अरब ने मेक्सिको, सर्बिया समेत 4 नए देशों के नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा नियमों में ढील दी है। अब ई-वीजा और ऑन-अराइवल सुविधा मिलेगी।

रियाद: सऊदी अरब ने अपने टूरिस्ट वीजा प्रोग्राम का दायरा बढ़ाते हुए चार और देशों के नागरिकों के लिए रास्ते खोल दिए हैं। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को घोषणा की कि अब मेक्सिको, उत्तर मैसेडोनिया, बोस्निया और हर्जेगोविना और सर्बिया के नागरिक सऊदी अरब का दौरा कर सकेंगे।
इन देशों के यात्री अब पर्यटन के उद्देश्य से विजिट वीजा प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें या तो इलेक्ट्रॉनिक तरीके से आवेदन करना होगा या फिर वे सऊदी अरब के किसी भी एंट्री पोर्ट पर पहुंचकर 'ऑन-अराइवल' वीजा ले सकेंगे।
यह सुविधा सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है। इस वीजा के जरिए यात्री उमराह कर सकेंगे, साथ ही विभिन्न प्रदर्शनियों, सम्मेलनों और अन्य आयोजनों में हिस्सा ले पाएंगे। इसके अलावा, सऊदी अरब में रह रहे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने के लिए भी इस वीजा का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
मंत्रालय के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के लिए यात्रा प्रक्रियाओं को सरल बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। यह पहल सऊदी विजन 2030 के ढांचे के तहत पर्यटन क्षेत्र को आर्थिक और सामाजिक आधार के रूप में मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा है।