Absher Platform से सऊदी ड्राइविंग लाइसेंस रीइश्यू कराना हुआ आसान

सऊदी अरब में रहने वाले प्रवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब एक्सपाट्र्स यानी विदेशी नागरिक जो पहले सऊदी अरब में गाड़ी चलाते थे और किसी वजह से वापस अपने देश जाकर नए इक़ामा (रेसिडेंसी परमिट) पर दोबारा लौटे हैं, वे बिना किसी परेशानी के अपना पुराना ड्राइविंग लाइसेंस दोबारा हासिल कर सकते हैं। इसके लिए ट्रैफिक विभाग ने नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल बना दिया है।
पहले नियम के मुताबिक, जो लोग नए इक़ामा पर किंगडम वापस आते थे, उन्हें दोबारा ड्राइविंग स्कूल में दाखिला लेना पड़ता था और नए सिरे से ट्रेनिंग लेनी होती थी। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इस नई सुविधा के तहत प्रवासियों को ड्राइविंग स्कूल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और वे अपने पुराने ड्राइविंग रिकॉर्ड को सुरक्षित रख सकेंगे।
इस तरह उठाएं इस डिजिटल सुविधा का लाभ
इस पूरी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए सरकार के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म Absher का उपयोग करना होगा। आइए जानते हैं क्या है पूरी प्रक्रिया और किन बातों का रखना होगा ध्यान:
- अपॉइंटमेंट बुकिंग: सबसे पहले आपको Absher प्लेटफॉर्म पर लॉग इन करके अपने लिए एक अपॉइंटमेंट बुक करना होगा।
- मेडिकल टेस्ट: प्रक्रिया शुरू करने से पहले 'इफाड़ा' (Efada) से मान्यता प्राप्त किसी केंद्र से मेडिकल जांच कराना अनिवार्य है। इस जांच का रिजल्ट इलेक्ट्रॉनिक रूप से सिस्टम में अपडेट हो जाता है।
- फीस का भुगतान: आवेदकों को SADAD सिस्टम के जरिए अपने बैंकिंग ऐप से तयशुदा फीस का भुगतान करना होगा। निजी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए सालाना फीस 40 रियाल है, जबकि 2 साल के लिए 80 रियाल, 5 साल के लिए 200 रियाल और 10 साल के लिए 400 रियाल निर्धारित की गई है। यदि पुराना लाइसेंस एक्सपायर हो चुका है, तो उस हिसाब से अतिरिक्त शुल्क भी लग सकता है।
ट्रैफिक ऑफिस जाते समय रखें इन दस्तावेजों का ध्यान
जब आप Absher पर बुक किए गए समय के अनुसार संबंधित ट्रैफिक विभाग (Muroor) के ऑफिस जाएं, तो अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज जरूर रखें:
- आपका पुराना सऊदी ड्राइविंग लाइसेंस
- नए इक़ामा की कॉपी
- पासपोर्ट की कॉपी
- पासपोर्ट साइज की दो तस्वीरें
- Absher अपॉइंटमेंट कंफर्मेशन का प्रिंटआउट
विभाग के अधिकारी आपके दस्तावेजों की जांच करेंगे, पुराने लाइसेंस को आधिकारिक रूप से रद्द करेंगे और कुछ ही मिनटों के भीतर आपको नया ड्राइविंग लाइसेंस सौंप दिया जाएगा। इस कदम से हजारों प्रवासियों का समय और मेहनत दोनों बचेगी।