सऊदी अरब में हाई स्किल्ड प्रोफेशनल्स अब वर्क वीजा के साथ परिवार का वीजा भी पा सकेंगे
सऊदी अरब ने हाई स्किल्ड प्रवासियों के लिए फैमिली वीजा नियमों में बदलाव किया है। अब परिवार के सदस्य वर्क वीजा के साथ ही आवेदन कर सकेंगे।

रियाद: सऊदी अरब में रहने वाले उच्च कुशल (हाई स्किल्ड) प्रवासी कामगारों के लिए खुशखबरी है। सऊदी अरब के आंतरिक मंत्रालय ने एक बड़ा नीतिगत सुधार किया है, जिसके तहत अब हाई स्किल्ड प्रोफेशनल्स अपने वर्क वीजा की प्रक्रिया के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों के एंट्री वीजा के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।
6 अक्टूबर 2026 को घोषित इस फैसले में आंतरिक मंत्रालय के साथ विदेश मंत्रालय और मानव संसाधन एवं सामाजिक विकास मंत्रालय ने समन्वय किया है। इस नई व्यवस्था के तहत प्रवासी अपनी पत्नी, 25 वर्ष से कम उम्र के बेटों और अविवाहित बेटियों के लिए एक साथ वीजा प्रोसेस करा सकते हैं।
नई पॉलिसी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के लिए रेजिडेंसी परमिट (इकामा) की प्रक्रिया उनके सऊदी अरब पहुंचने के बाद पूरी की जाएगी। यह सुविधा खासतौर पर इंजीनियरिंग, हेल्थकेयर, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले विशेषज्ञों के लिए शुरू की गई है।
सऊदी गजट, खलीज टाइम्स, अरेबियन बिजनेस और ज़व्या की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य दीर्घकालिक निवासियों के जीवन स्तर को सुधारना है। यह पहल 'विजन 2030' के ढांचे के तहत वैश्विक प्रतिभाओं को सऊदी अरब में बनाए रखने की कोशिश का हिस्सा है।
हालांकि, यह सुविधा केवल हाई स्किल्ड श्रेणी में आने वाले लोगों के लिए ही उपलब्ध है। वर्तमान में इस पॉलिसी के दायरे में माता-पिता या परिवार के अन्य सदस्य शामिल नहीं किए गए हैं। विश्लेषकों के अनुसार, यह बदलाव पुराने स्पॉन्सरशिप मॉडल को खत्म कर अंतरराष्ट्रीय कुशल प्रवासियों को आकर्षित करने की एक दिशा है।
पात्र आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी दस्तावेजों की जानकारी और अन्य प्रशासनिक स्पष्टीकरण के लिए 'अबशेर' (Absher) प्लेटफॉर्म या आधिकारिक सरकारी चैनलों का उपयोग करें।