सऊदी गठबंधन का यमन सरकार को बड़ा समर्थन, हूती विद्रोहियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार और सऊदी समर्थित बलों ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है। इस बीच, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन की वैध सरकार और उसकी सेना को पूर्ण परिचालन समर्थन देने की बात दोहराई है। गठबंधन ने यह कदम ऐसे समय उठाया है जब हूती विद्रोही लगातार यमन, सऊदी अरब और लाल सागर क्षेत्र में अपनी हरकतों को अंजाम दे रहे हैं.
हूती विद्रोहियों के हमलों पर गठबंधन की दो टूक
गठबंधन के आधिकारिक प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने एक बयान में स्पष्ट किया कि संयुक्त बल कमांड यमन के सशस्त्र बलों को हरसंभव मदद दे रहा है। उनका उद्देश्य तख्तापलट को समाप्त करना, राज्य और उसकी राष्ट्रीय संस्थाओं को बहाल करना तथा यमन के भविष्य का निर्माण करना है। प्रवक्ता ने हूती मिलिशिया पर यमन की आम जनता के खिलाफ आंतरिक नाकाबंदी, जबरन विस्थापन, भुखमरी और संसाधनों की लूटपाट जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा, सऊदी अरब की संप्रभुता, नागरिकों की सुरक्षा और लाल सागर व बाब अल-मदब जलडमरूमध्य में समुद्री नेविगेशन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक और कड़े कदम उठाने की बात भी कही गई है। क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बनी हुई हैं, और इस ताजा घटनाक्रम ने संघर्ष को एक नया मोड़ दे दिया है।