सऊदी अरब में रह रहे यमनी नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी, स्टेटस नियमित होगा

सऊदी अरब में अवैध रूप से रह रहे हजारों यमनी नागरिकों के लिए राहत की खबर आई है। किंगडम ने उन सभी यमनी निवासियों के स्टेटस को नियमित (Regularize) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो वर्तमान में अनियमित माध्यमों से सऊदी अरब में रह रहे हैं। यह बड़ा कदम कस्टोडियन ऑफ द टू होली मॉस्क्स, किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद के शाही आदेश के बाद उठाया गया है।
बता दें कि यह फैसला यमनी प्रेसिडेंशियल लीडरशिप काउंसिल के प्रमुख डॉ. रशाद अल-अलीमी द्वारा किए गए एक औपचारिक अनुरोध के जवाब में लिया गया है। इस मानवीय पहल का उद्देश्य उन यमनी नागरिकों को कानूनी मान्यता देना है जो लंबे समय से वहां रह रहे हैं लेकिन उनके पास वैध दस्तावेज नहीं थे। रियाद स्थित यमनी दूतावास ने भी इन उपायों की शुरुआत की पुष्टि की है।
इन विभागों की होगी संयुक्त जिम्मेदारी
इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए सऊदी सरकार के कई महत्वपूर्ण विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। इसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित शामिल हैं:
- इंटीरियर मिनिस्ट्री (गृह मंत्रालय)
- फॉरेन अफेयर्स मिनिस्ट्री (विदेश मंत्रालय)
- मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय
- सऊदी डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अथॉरिटी (SDAIA)
इस योजना का लाभ उठाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि आवेदन करने वाले व्यक्ति के पास एक वैध यमनी पासपोर्ट होना अनिवार्य है। जहां तक आवेदन की सटीक तारीख और नियमों का सवाल है, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इसकी विस्तृत जानकारी जल्द ही जनरल डायरेक्टोरेट ऑफ पासपोर्ट्स (जवाजात) और अन्य सरकारी चैनलों के माध्यम से साझा की जाएगी।