विदेशों में फंसे हज़ारो भारतीयों की मदद करने वाले 'रियल लाइफ बजरंगी भाईजान' सैयद आबिद हुसैन को मिला 'परम सेवा सम्मान'

अंबेडकर नगर (अकबरपुर), 21 नवंबर 2026: विदेशों में मुश्किल परिस्थितियों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी और मदद के लिए लगातार प्रयासरत रहने वाले समाजसेवी सैयद आबिद हुसैन—जिन्हें लोग 'रियल लाइफ बजरंगी भाईजान' के नाम से भी जानते हैं—को उनके गृह जिले अंबेडकर नगर में प्रतिष्ठित 'परम सेवा सम्मान' से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान 19 नवंबर 2026 को अकबरपुर ब्लॉक, अंबेडकर नगर में 'परम फाउंडेशन' द्वारा आयोजित 'सद्भावना कवि सम्मेलन और मुशायरा' के दौरान प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिले के 'प्रथम नागरिक' पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा के साथ डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी , डॉ. आलोक पांडे, अमित जायसवाल और धीरेंद्र पांडे ने सैयद आबिद हुसैन को सम्मानित किया।

समारोह में देश और साहित्य जगत की कई जानी-मानी हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें उर्दू अदब के मशहूर शायर अतुल अजनबी, लाफ्टर चैंपियन फेम प्रताप फौजदार, व्यंग्यकार सर्वेश अस्थाना, गीतकार गजेंद्र प्रियांशु, गीतकार महेंद्र मधुर, संदीप भोला, अभय निर्भीक, धीरेन्द्र पांडे और प्रीति पांडे शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर नगर की कई प्रतिष्ठित चिकित्सा एवं अन्य क्षेत्रों की हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सैयद आबिद हुसैन ने अपने गृह जिले अंबेडकर नगर, 'परम फाउंडेशन' की पूरी टीम और अपने बचपन के दोस्त अमित जायसवाल सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विदेशों में फंसे भारतीयों की सेवा करना उनका जुनून है और अपने गृह जिले से मिला यह प्रोत्साहन उनके संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज सेवा के प्रति उनका यह समर्पण जीवन भर जारी रहेगा।