एसएसबी ने नेपाल से भारत लाई जा रही एक लाख बारह हजार रुपये और डीसीएम वाहन के साथ दो लोगों को पकड़ा

अररिया में एसएसबी ने नेपाल से भारत लाई जा रही 1.12 लाख रुपये की नकदी और डीसीएम वाहन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

Lov Singh26 October 20261 min read0 views
एसएसबी ने नेपाल से भारत लाई जा रही एक लाख बारह हजार रुपये और डीसीएम वाहन के साथ दो लोगों को पकड़ा

अररिया: सशस्त्र सीमा बल की 56वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा सुरक्षा और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए सोमवार को बड़ी कामयाबी हासिल की है। आईसीपी जोगबनी में तैनात सतर्क जवानों ने नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक डीसीएम वाहन की जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध भारतीय मुद्रा बरामद की है।

नेपाल गेट पर तैनात एसएसबी के जवानों ने विराटनगर से भारत आ रहे एक छह पहिया डीसीएम वाहन को नियमित जांच के लिए रोका था। तलाशी लेने पर वाहन से कुल एक लाख बारह हजार रुपये की भारतीय मुद्रा मिली। जब्त किए गए नोटों में 500 रुपये के 212 नोट और 100 रुपये के 60 नोट शामिल हैं।

इस मामले में एसएसबी की टीम ने मौके से दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के सफीपुर निवासी 32 वर्षीय सनी कुमार और 34 वर्षीय राकेश कुमार शामिल हैं। जवानों ने उनके पास से आधार कार्ड और वाहन के कागजात भी बरामद किए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति इस वाहन और नकदी को नेपाल से समस्तीपुर ले जाने के वाहक के रूप में काम कर रहे थे। एसएसबी की टीम ने जब्त सामान और दोनों आरोपियों को फारबिसगंज सीमा शुल्क कार्यालय के सुपुर्द कर दिया है।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin
Share:

Comments

Leave a comment