सीरिया में हथियारों के गोदाम में भीषण धमाका, 14 लोगों की मौत और कई घायल.

सीरिया के उत्तर-पश्चिम हिस्से में एक बड़ा हादसा हो गया है, जहां हथियारों के अस्थायी गोदाम में जबरदस्त विस्फोट होने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और 11 अन्य लोग घायल हो गए हैं। यह दर्दनाक घटना बुधवार, 9 सितंबर 2026 को हुई, जब इदलिब प्रांत के सरमादा के पास बुर्ज अल-निमरा गांव के इलाके में यह विस्फोट हुआ। जानकारी के मुताबिक, इस जगह पर गृहयुद्ध के दौरान बरामद किए गए हथियारों और गोला-बारूद को सुरक्षित रखा गया था, जिन्हें बाद में दूसरी जगह ट्रांसफर किया जाना था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
अधिकारियों ने की पुष्टि और जांच के आदेश
सीरिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस हादसे में मरने वालों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि की है। वहीं, सीरियाई रक्षा मंत्रालय ने इस घटना की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार की है और इसके कारणों का पता लगाने के लिए एक आधिकारिक जांच शुरू करने का ऐलान किया है। रक्षा मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि इस हादसे का शिकार होने वालों में उनके अपने सुरक्षाकर्मी भी शामिल शामिल थे। इदलिब स्वास्थ्य निदेशालय के मीडिया कार्यालय के निदेशक सोब्भी असाफ ने मरने वालों की संख्या की पुष्टि करते हुए आशंका जताई कि आने वाले समय में मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। इसके अलावा, ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (SOHR) ने अपनी रिपोर्ट में 14 मौत और 12 घायलों की संख्या बताई है।
दमकल और राहत कार्य जारी
इदलिब में आपातकालीन और आपदा प्रबंधन निदेशालय के संचालन प्रमुख वलीद असलान ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट्स के आधार पर इस धमाके की वजह गोला-बारूद ही लग रही है। वहीं, मिनिस्ट्री ऑफ इमरजेंसी एंड डिजास्टर मैनेजमेंट के डाना क्षेत्र के संचालन कमांडर ओसामा अल-मूसा ने पुष्टि की है कि सिविल डिफेंस की टीमें लगातार आग बुझाने और बिना फटे हुए बमों को सुरक्षित करने का काम कर रही हैं। पहले धमाके के बाद कई छोटे-छोटे माध्यमिक विस्फोट भी हुए, जिसकी वजह से आग बुझाने के काम में काफी मुश्किलें आईं और कई घंटों तक आसमान में घना धुआं छाया रहा। सिविल डिफेंस और सीरियन रेड क्रिसेंट के राहतकर्मी लगातार मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं और शवों को बाहर निकाल रहे हैं। सरकारी समाचार एजेंसी SANA आधिकारिक सूत्रों के हवाले से इस पूरे हादसे की लगातार कवरेज कर रही है।