चीन में 453 ताइवानी नागरिक लापता या हिरासत में, बढ़ी चिंता

ताइवान के लिए एक बड़ी चिंता का विषय सामने आया है। चीन में ताइवान के नागरिकों के लापता होने और हिरासत में लिए जाने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ताओयुआन जिला और मेनलैंड अफेयर्स काउंसिल की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक कुल 453 ताइवानी नागरिक चीन में लापता हैं या वहां की सरकार ने उन्हें हिरासत में लिया है।
ताइपे टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, लापता लोगों की संख्या अब बढ़कर 172 हो गई है। इसके अलावा, 39 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि 242 लोग चीनी अधिकारियों की कैद में हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें ताइवान के सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। पकड़े गए लोगों में क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो का एक अधिकारी, एक टैक्स अधिकारी और स्वास्थ्य मंत्रालय के अस्पताल में काम करने वाली एक नर्स शामिल है। बताया जा रहा है कि नर्स से उस सैन्य अस्पताल के बारे में पूछताछ की गई, जहां वह पहले काम करती थी। यह पहली बार है जब किसी ताइवानी नर्स को इस तरह की पूछताछ का सामना करना पड़ा है।
अंग तस्करी (Organ Harvesting) का खौफ
इस पूरे मामले में सबसे डरावना मोड़ तब आया जब लापता लोगों के साथ 'ऑर्गन हार्वेस्टिंग' यानी अंगों की तस्करी की आशंका जताई गई। हालांकि, ताइवान सरकार के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल उनके पास ऐसा कोई पुख्ता सबूत नहीं है कि लापता लोगों के अंगों को निकाला गया हो, क्योंकि अभी तक किसी परिजन ने ऐसी शिकायत नहीं की है।
लेकिन यह डर तब गहरा गया जब पिछले महीने ताइवान के ताओयुआन जिले में सात लोगों के खिलाफ मानव तस्करी का मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि यह गिरोह लोगों को चीन में ऊंची सैलरी वाली नौकरियों का लालच देकर वहां भेज रहा था, ताकि उनके अंगों की तस्करी की जा सके। इस जाल में तीन लोग फंस चुके थे, लेकिन किस्मत से उन्हें ताइवान से बाहर नहीं ले जाया जा सका। अब जांच इस बात की हो रही है कि क्या इस तस्करी में चीन के किसी आपराधिक संगठन का हाथ है या फिर इसमें वहां की सरकारी एजेंसियों की कोई मिलीभगत है।