श्रीलंका में इंडियन बैंक की कोलंबो शाखा में टीसीएस अपना ट्रेजरी प्लेटफॉर्म तैनात करेगा जिससे बैंकिंग कामकाज होगा आधुनिक

नई दिल्ली: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) इंडियन बैंक की श्रीलंका स्थित कोलंबो शाखा में अपना 'TCS BaNCS for Treasury' प्लेटफॉर्म लागू करने जा रही है। इस कदम के साथ ही टीसीएस का यह प्लेटफॉर्म पहली बार श्रीलंकाई बाजार में प्रवेश करेगा।
इस प्लेटफॉर्म की मदद से इंडियन बैंक अपने विदेशी ट्रेजरी ऑपरेशंस को आधुनिक बनाएगा। इसमें मुख्य रूप से विदेशी मुद्रा लेनदेन, निवेश प्रबंधन और मनी मार्केट से जुड़ी गतिविधियां शामिल होंगी।
कंपनी के आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह प्लेटफॉर्म पहले से ही भारत में इंडियन बैंक के ऑपरेशंस और गुजरात के गिफ्ट सिटी में तैनात है। अब कोलंबो में इसके विस्तार से बैंक को अलग-अलग स्थानों पर अपने ट्रेजरी कामकाज को एक समान बनाने में मदद मिलेगी।
इस एकीकृत प्लेटफॉर्म से वित्तीय स्थितियों की रियल-टाइम जानकारी मिलेगी और रिस्क मैनेजमेंट के साथ रेगुलेटरी रिपोर्टिंग मजबूत होगी। साथ ही, इससे लेनदेन की मैन्युअल प्रोसेसिंग में भी कमी आएगी।
इंडियन बैंक (श्रीलंका ऑपरेशंस) के सीईओ एस विस्वानाथन ने कहा कि श्रीलंका में उनके ट्रेजरी ऑपरेशंस विकसित हो रहे हैं, इसलिए उन्हें एक ऐसे प्लेटफॉर्म की जरूरत है जो अधिक नियंत्रण, पारदर्शिता और परिचालन चपलता के साथ विकास का समर्थन कर सके। उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म उभरती बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए एक आधुनिक आधार प्रदान करता है।
इस तैनाती से इंडियन बैंक को विदेशी मुद्रा और बाजार जोखिमों की निगरानी बेहतर करने, लेनदेन की प्रक्रिया को तेज करने और नियामक आवश्यकताओं के अनुपालन को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
TCS के ग्लोबल हेड (फाइनेंशियल सॉल्यूशंस) वेंकटेश्वरन श्रीनिवासन ने कहा कि उन्हें इंडियन बैंक के श्रीलंका स्थित विदेशी व्यवसाय को एक ऐसे समाधान के साथ समर्थन देने पर गर्व है, जो गहरी ट्रेजरी कार्यक्षमता, परिचालन लचीलापन और नियामक विश्वास को एक साथ लाता है।
टीसीएस इस प्लेटफॉर्म को बैंक के मौजूदा सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय बाजार बुनियादी ढांचे से जोड़ने के लिए रखरखाव और एकीकरण सहायता भी प्रदान करेगी। कंपनी ने इस समझौते के वित्तीय मूल्य या तैनाती पूरी करने की समयसीमा का खुलासा नहीं किया है।