तेहरान में मिला नेतन्याहू जैसा दिखने वाला दुकानदार, वीडियो हुआ वायरल
तेहरान के एक दुकानदार का वीडियो वायरल हो रहा है जिसकी शक्ल इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से काफी मिलती है।

तेहरान: ईरान की राजधानी तेहरान का एक दुकानदार इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, इस व्यक्ति की शारीरिक बनावट और चेहरा इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से काफी मिलता-जुलता है, जिसके बाद उसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में यह व्यक्ति अपनी दुकान में तराजू के पीछे बैठा नजर आ रहा है। बताया गया है कि वह मेवे, सूखे फल और मिठाइयों का विक्रेता है। इंटरनेट यूजर्स ने उसके चेहरे के फीचर्स, हेयरलाइन और हाव-भाव की तुलना इजरायली नेता से की है।
तुर्की मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले ने अब विवाद का रूप ले लिया है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दुकानदार की शक्ल नेतन्याहू से मिलने के कारण उसकी दुकान के बहिष्कार की मांग की है। यह भी दावा किया गया है कि इस चर्चा की वजह से दुकानदार के कारोबार पर बुरा असर पड़ा है और वह इस पूरी स्थिति से परेशान है। हालांकि, बहिष्कार और व्यापार में गिरावट के इन दावों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो की असलियत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो मूल रूप से किसने बनाया और इसे कब शूट किया गया था। कुछ विश्लेषकों ने आशंका जताई है कि यह 'डीपफेक' तकनीक का कमाल हो सकता है, लेकिन अरब मीडिया आउटलेट्स का कहना है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति असली है।
तेहरान में नेतन्याहू के हमशक्ल का दिखना पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले दिसंबर 2025 में एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति एकबतन इलाके की बेकरी की कतार में खड़ा था और उसकी शक्ल भी प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिलती थी।