भारत और यूएई की साझेदारी मजबूत करने के लिए डिप्टी पीएम शेख अब्दुल्ला बिन जायद मुंबई पहुंचे

मुंबई: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाह्यान सोमवार को मुंबई पहुंचे। वह दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से इस आधिकारिक दौरे पर आए हैं।
मुंबई पहुंचने पर महाराष्ट्र सरकार के कौशल विकास विभाग के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जसीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दौरे की जानकारी देते हुए शेख अब्दुल्ला बिन जायद का स्वागत किया।
प्रवक्ता जसीवाल ने बताया कि यह उच्च स्तरीय दौरा भारत और यूएई के बीच करीबी और नियमित जुड़ाव को दर्शाता है। इससे दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी यूएई के डिप्टी प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने X पर लिखा कि वह शेख अब्दुल्ला बिन जायद का मुंबई में स्वागत कर बेहद खुश हैं और उनके साथ होने वाली बातचीत का इंतजार कर रहे हैं।
इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर 14 से 16 अक्टूबर तक यूएई के आधिकारिक दौरे पर थे। वहां उन्होंने रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन साकर अल कासिमी से मुलाकात की थी, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा हुई थी।
जयशंकर ने अबू धाबी में आयोजित 'रैसीना मिडिल ईस्ट डायलॉग' में भी हिस्सा लिया। वहां उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में भारत अपनी क्षमताओं को बढ़ा रहा है और भरोसेमंद साझेदारियां बना रहा है।
रैसीना मिडिल ईस्ट डायलॉग का दूसरा संस्करण 14-15 अक्टूबर को अबू धाबी में भारत और यूएई के विदेश मंत्रालयों के सहयोग से आयोजित किया गया था। इसी दौरान विदेश मंत्री जयशंकर की मुलाकात यूएई के विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाह्यान से भी हुई थी।