UAE में जल्द दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, दुबई से आबू धाबी का सफ़र होगा सिर्फ़ 30 मिनट में.

यूएई में रहने वाले लोगों के लिए एक बहुत बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है। अब दुबई और आबू धाबी के बीच का सफर करने के लिए लोगों को ज्यादा समय खर्च नहीं करना पड़ेगा। यूएई सरकार ने दोनों शहरों के बीच एक नई हाई-स्पीड रेल सेवा शुरू करने की अपनी योजनाओं को तेज कर दिया है, जिससे आने वाले समय में सफर काफी आसान हो जाएगा। इस शानदार ट्रेन सेवा के शुरू होने के बाद दोनों बड़े शहरों के बीच की दूरी को तय करने में केवल 30 मिनट का समय लगेगा।
ट्रेन की स्पीड और रूट से जुड़ी खास बातें
योजना के अनुसार इस नई ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 350 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यह हाई-स्पीड ट्रेन पूरी तरह से बिजली से चलने वाले और एक अलग नेटवर्क पर दौड़ेगी। इसका मतलब यह हुआ कि यह नेटवर्क मौजूदा एतिहाद रेल पैसेंजर नेटवर्क से बिल्कुल अलग होगा। इस नई लाइन के लिए दुबई में दो मुख्य स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें पहला अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दूसरा अल जाडाफ शामिल है। इस प्रोजेक्ट का मुख्य मकसद कारोबारियों, रोज सफर करने वाले लोगों और टूरिस्टों को बेहतर सुविधा देना है ताकि वे कम समय में बिना किसी परेशानी के एक शहर से दूसरे शहर पहुंच सकें.
सालभर में इतने यात्रियों को मिलेगी सुविधा
प्लानर्स इस आधुनिक रेल नेटवर्क को इस तरह से तैयार कर रहे हैं कि यह हर साल लगभग 21 मिलियन यानी 2 करोड़ 10 लाख यात्रियों को अपनी सेवा दे सके। भारत से यूएई जाकर काम करने वाले और अक्सर इन दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले प्रवासियों के लिए यह प्रोजेक्ट बहुत फायदेमंद साबित होगा। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि रोजाना सफर करना भी बहुत आसान हो जाएगा। अधिकारियों ने साफ किया है कि इस प्रोजेक्ट का मकसद लोगों की डेली ट्रेवल लाइफ को और ज्यादा आरामदायक बनाना है.
मौजूदा एतिहाद रेल नेटवर्क से है अलग
यह बहुत जरूरी है कि लोग इस नई हाई-स्पीड रेल सेवा और मौजूदा एतिहाद रेल पैसेंजर ट्रेन के बीच का अंतर समझें। मौजूदा नेटवर्क पर दुबई से आबू धाबी के बीच सफर करने में लगभग 57 मिनट का समय लगता है, लेकिन 30 मिनट का यह नया सफर सिर्फ इसी आने वाले हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट के लिए तय किया गया है। ट्रेन की यह आधुनिक तकनीक यूएई के ट्रांसपोर्ट सेक्टर में एक नया मील का पत्थर साबित होगी, जिससे देश में आवागमन का तरीका पूरी तरह से बदल जाएगा।