UAE से भारत जाने वाले भारतीय यात्री भरें प्री-अराइवल फॉर्म, वरना इमिग्रेशन में हो सकती है देरी
UAE से भारत लौटने वाले भारतीय यात्रियों को इमिग्रेशन में देरी से बचने के लिए एयर सुविधा और अन्य जरूरी फॉर्म भरने की सलाह दी गई है।

दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले सभी जरूरी प्री-अराइवल दस्तावेज़ पूरे कर लें। ऐसा न करने पर भारत पहुंचने के बाद इमिग्रेशन प्रक्रिया के दौरान उन्हें काफी देरी का सामना करना पड़ सकता है।
भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों, जिनमें भारतीय पासपोर्ट धारक, ओसीआई (OCI) कार्डधारक और विदेशी पासपोर्ट धारक शामिल हैं, के लिए 'एयर सुविधा' सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म (SDF) ऑनलाइन भरना अनिवार्य है। यात्री इसे आधिकारिक पोर्टल airsuvidha.civilaviation.gov.in के जरिए भर सकते हैं। सलाह दी गई है कि यह फॉर्म फ्लाइट में सवार होने से पहले ही पूरा कर लिया जाए।
विदेशी नागरिकों और ओसीआई कार्डधारकों के लिए भारत पहुंचने के 72 घंटे के भीतर ऑनलाइन ई-अराइवल कार्ड भरना भी जरूरी है, जिसके लिए indianvisaonline.gov.in/earrival पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि, भारतीय पासपोर्ट धारकों को इस विशेष फॉर्म से छूट दी गई है।
इमिग्रेशन क्लियरेंस को और तेज करने के लिए पात्र भारतीय नागरिकों और ओसीआई कार्डधारकों को 'फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन - ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम' (FTI-TTP) के लिए आवेदन करने का विकल्प दिया गया है। इस प्रोग्राम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के बाद बायोमेट्रिक नामांकन और मंजूरी जरूरी है, जिसके बाद यात्री ऑटोमेटेड ई-गेट्स का उपयोग कर सकेंगे।
यात्रियों को निर्देश दिया गया है कि वे हवाई अड्डे पहुंचने से पहले सभी फॉर्म ऑनलाइन भर लें और पासपोर्ट, वीजा व बोर्डिंग पास जैसे दस्तावेज़ अपने पास तैयार रखें। इमिग्रेशन काउंटर पर पहुंचने से पहले सिर ढंकने वाले कपड़े (headgear) और धूप का चश्मा हटाने तथा ई-गेट्स पर दिए गए निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
UAE आने वाले भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा नियमों की बात करें तो, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ (शेंगेन), ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, जापान, सिंगापुर या दक्षिण कोरिया का वैध वीजा या रेजिडेंस परमिट होने पर उन्हें 14 दिन का वीजा ऑन अराइवल मिल सकता है। कुछ शर्तों के तहत 60 दिनों का वीजा ऑन अराइवल भी उपलब्ध है।
अन्य भारतीय पासपोर्ट धारकों को पहले से यूएई टूरिस्ट वीजा लेना होगा। यह वीजा यूएई की एयरलाइंस, टूर एजेंसी, होटल या ICP और GDRFA दुबई पोर्टल के जरिए लिया जा सकता है। 30 दिन के सिंगल-एंट्री टूरिस्ट वीजा की कीमत 200 दिरहम प्लस वैट है, जबकि 60 दिन के वीजा के लिए 300 दिरहम प्लस वैट देना होगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वीजा नियम और यात्रा आवश्यकताएं बदल सकती हैं। इसलिए यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की तारीख से पहले आधिकारिक सरकारी वेबसाइटों या अपनी एयरलाइन से ताजा जानकारी की पुष्टि कर लें।