यूएई की मध्यस्थता से रूस और यूक्रेन के बीच 540 कैदियों की हुई अदलाबदली और दोनों देशों को मिले 270-270 बंदी
यूएई की मदद से रूस और यूक्रेन ने 540 कैदियों की अदलाबदली की। दोनों देशों को 270-270 बंदी वापस मिले हैं।

अबू धाबी: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच कैदियों की अदलाबदली की प्रक्रिया पूरी हो गई है। शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026 को हुए इस ऑपरेशन के जरिए कुल 540 कैदियों को रिहा किया गया, जिसमें दोनों पक्षों को 270-270 व्यक्ति वापस मिले हैं।
यूएई विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इस सफलता की जानकारी दी। मंत्रालय ने रूस और यूक्रेन दोनों देशों ने इस प्रक्रिया में सहयोग किया और यूएई पर भरोसा जताया, इसके लिए उनकी सराहना की। मंत्रालय ने कहा कि देश संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान और मानवीय प्रभाव को कम करने के लिए राजनयिक प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेगा।
यूएई अब तक इस तरह की 27 सफल मध्यस्थताएं करा चुका है। अमीराती राजनयिक प्रयासों के जरिए अब तक कुल 8,537 कैदियों की अदलाबदली हो चुकी है। इससे पहले अगस्त महीने में भी एक मध्यस्थता हुई थी, जिसमें 206 कैदियों को रिहा कराया गया था।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अपने नागरिकों की वापसी की पुष्टि की है। वापस आए लोगों में नेशनल गार्ड के सदस्य, अज़ोव फाइटर्स, बॉर्डर गार्ड, विभिन्न सैन्य शाखाओं के कर्मी और नौ नागरिक शामिल हैं। जेलेंस्की ने बताया कि इनमें से ज्यादातर लोग 2022 से कैद में थे।
दूसरी तरफ, रूस के रक्षा मंत्रालय ने भी अपने 270 सैनिकों की वापसी की बात कही है। मंत्रालय के मुताबिक, ये सैनिक फिलहाल बेलारूस में हैं और उन्हें इलाज व पुनर्वास के लिए रूसी रक्षा मंत्रालय के केंद्रों में भेजा जाएगा।
यह अदलाबदली अंतरराष्ट्रीय संवाद के जरिए कैदियों की रिहाई के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। खबरों के अनुसार, नवंबर में यूएई में रूस और यूक्रेन के बीच सीधी बातचीत होनी तय है, जिसमें अमेरिका मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा।