यूएई राष्ट्रपति ने भारतीय प्रवासी शाम्जा मुजीब को किया सम्मानित
अबू धाबी में फ्लैग डे समारोह के दौरान यूएई राष्ट्रपति ने भारतीय प्रवासी शाम्जा मुजीब मोहम्मद को उनकी साहस और सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

अबू धाबी: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने फ्लैग डे समारोह के दौरान भारतीय प्रवासी शाम्जा मुजीब मोहम्मद को सम्मानित किया। यह सम्मान अबू धाबी के ऐतिहासिक कासर अल होसन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान दिया गया।
केरल के त्रिशूर जिले की रहने वाली शाम्जा मुजीब मोहम्मद अबू धाबी पोर्ट्स ग्रुप के फुजैराह टर्मिनल्स में कार्यरत हैं। यूएई की 55 साल की यात्रा को याद करने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों के 55 असाधारण लोगों को आमंत्रित किया गया था।
शाम्जा को यह सम्मान संकट और युद्ध जैसी कठिन परिस्थितियों के दौरान फुजैराह टर्मिनल में उनकी उल्लेखनीय सेवा, साहस और प्रतिबद्धता के लिए दिया गया है। समारोह के दौरान राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनसे व्यक्तिगत बातचीत की और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
शाम्जा ने इस सम्मान को अपने जीवन का एक अविस्मरणीय और गर्व का क्षण बताया। वह पत्रकार मुजीब अंजूर की पत्नी हैं और अपने परिवार के साथ फुजैराह में रहती हैं।