फ्लाइदुबई कॉकपिट हमला: यूएई ने माना आतंकी साजिश, भारतीय पायलट की बहादुरी की सराहना

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइदुबई की एक उड़ान के दौरान हुए सनसनीखेज सुरक्षा हादसे में यूएई के शीर्ष नेतृत्व की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। यूएई के राष्ट्रपति के सलाहकार अनवर गर्गश ने इस घटना को एक "खतरनाक आतंकवादी कृत्य" करार दिया है। किसी वरिष्ठ अमीराती अधिकारी द्वारा इस घटना को इस रूप में परिभाषित करने का यह पहला मामला है। उन्होंने संकट के समय अद्भूत साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मीत मच्छहर की जमकर तारीफ की है।
क्या हुआ था हवा में?
यह घटना 30 सितंबर को उस समय घटी जब फ्लाइदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से रवाना होकर इजराइल के तेल अवीव की तरफ बढ़ रही थी। उड़ान के दौरान ओमान के सह-पायलट ने कथित तौर पर कमांडर पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले के कारण विमान ने महज दो मिनट के भीतर करीब 16,000 फीट की अचानक गिरावट दर्ज की और हाइजैकिंग का आपातकालीन संकेत भेजा गया।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट कैप्टन स्मीत मच्छहर ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत नहीं खोई। उन्होंने हमलावर सह-पायलट का डटकर मुकाबला किया। इसके बाद केबिन क्रू और विमान में मौजूद अन्य लोगों ने कॉकपिट का दरवाजा तोड़कर हमलावर को काबू में किया। चालक दल के संयुक्त प्रयासों से विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे विमान में सवार सभी 180 लोग सुरक्षित बच गए।
भारतीय पायलट बने असली हीरो
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में अनवर गर्गश ने कहा कि फ्लाइदुबई के भारतीय पायलट स्मीत मच्छहर हर सराहना के हकदार हैं। उन्होंने एक खतरनाक आतंकवादी कृत्य और संभावित बड़ी आपदा के सामने साहस और जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि सबसे मुश्किल परिस्थितियों में भी उनका पेशेवर रवैया और नैतिक सूझबूझ उन्हें एक सच्चा नायक बनाती है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मामले की जांच तेजी से चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओमान के सह-पायलट के पास से कुछ ऐसी सामग्री और पर्चे मिले हैं जो फिलिस्तीनी समर्थन से जुड़े हैं। जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही हैं कि इस घटना के पीछे किस तरह की कट्टरपंथी सोच या आतंकी मंशा शामिल थी। यूएई के अधिकारी ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों और साजिश के सिद्धांतों से बचने की अपील की है, साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने पर जोर दिया है।