यूएई राष्ट्रपति ने हर साल 7 जनवरी को जायद द फाउंडर डे मनाने का किया ऐलान
यूएई राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने 7 जनवरी को जायद द फाउंडर डे मनाने का ऐलान किया है। यह दिन शेख जायद की विरासत को समर्पित होगा।

अबू धाबी: संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने 'जायद द फाउंडर डे' की स्थापना की आधिकारिक घोषणा की है। यह नया राष्ट्रीय अवसर हर साल 7 जनवरी को मनाया जाएगा, जबकि इसका पहला जश्न साल 2027 में आयोजित होगा।
यह दिन यूएई के संस्थापक पिता दिवंगत शेख जायद बिन सुल्तान अल नाहयान के जीवन, उनके मूल्यों और उनके नेतृत्व की विरासत को याद करने के लिए समर्पित है। इस तारीख का चयन प्रतीकात्मक रूप से किया गया है। इसमें सात का अंक एक राष्ट्र के रूप में एकजुट सात अमीरातों को दर्शाता है, जबकि '01' का संबंध 1971 से है, जिस साल यूएई संघ की स्थापना हुई थी।
राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए बताया कि शेख जायद यूएई के लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि शेख जायद की विरासत उनकी दूरदर्शिता, उदारता और मानवता की सेवा से परिभाषित थी।
फाउंडर्स ऑफिस के अनुरोध पर शुरू की गई यह पहल शिक्षा, शोध, संस्कृति और सामुदायिक जुड़ाव के क्षेत्र में साल भर चलने वाले कार्यक्रमों का एक मंच बनेगी। इसका मकसद नागरिकों को पूरे साल शेख जायद के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस घोषणा को दुबई के शासक और उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद, उपराष्ट्रपति शेख मंसूर बिन जायद, अजमान के शासक शेख हुमैद बिन राशिद अल नुऐमी और रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन साकर अल कासिमी समेत कई उच्च अधिकारियों का समर्थन मिला है।