लंदन की अदालत ने पत्रकारों की जासूसी करने वाले दो ईरानियों को ठहराया दोषी
लंदन की अदालत ने पत्रकारों और एक्टिविस्ट्स की जासूसी करने के आरोप में दो ईरानी नागरिकों को दोषी ठहराया है।

लंदन: ब्रिटेन की वूलविच क्राउन कोर्ट ने गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को एक बड़े मामले में फैसला सुनाते हुए दो ईरानी नागरिकों को जासूसी का दोषी पाया है। इन दोनों पर नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत ईरानी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने और निगरानी करने का आरोप था।
अदालत ने 41 वर्षीय मोस्तफा सेपाहवंद को दो आरोपों में दोषी पाया है। उस पर विदेशी खुफिया सेवा की मदद करने और गंभीर हिंसा को बढ़ावा देने के इरादे से रेकी करने का दोष सिद्ध हुआ है। वहीं, 46 वर्षीय फरहाद जावदी मनेश को नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत एक अपराध का दोषी माना गया है। इस मामले में तीसरे आरोपी 57 वर्षीय शापूर कालेहली खानी नूरी को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया है।
अभियोजकों ने अदालत में साबित किया कि इन आरोपियों ने अगस्त 2024 से मार्च 2025 के बीच यूनाइटेड किंगडम में निगरानी और रेकी मिशन चलाए थे। जांच में पता चला कि इनके निशाने पर 'ईरान इंटरनेशनल' के फारसी भाषा के प्रसारक से जुड़े पत्रकार काम्बिज होसैनी और मुजतबा पूरमोहसेन थे। इसके अलावा, 'यूके लॉयर्स फॉर इज़राइल' के संस्थापक सदस्य और ब्रिटिश बैरिस्टर जोनाथन टर्नर की भी निगरानी की गई थी।
ट्रायल के दौरान पेश किए गए सबूतों से पता चला कि आरोपियों ने टारगेट से जुड़ी जगहों का दौरा किया और वहां की तस्वीरें और वीडियो लिए। डिजिटल रेकी करने के लिए उन्होंने ChatGPT जैसे टूल्स का इस्तेमाल भी किया। अधिकारियों का आरोप है कि इस पूरे ऑपरेशन का मकसद ईरानी सरकार के आलोचकों के खिलाफ गंभीर हिंसा को अंजाम देना था।
ब्रिटिश अधिकारियों ने कहा कि यह मामला ब्रिटेन के भीतर ईरानी खुफिया सेवाओं की बढ़ती गतिविधियों को दर्शाता है। दोषी पाए गए दोनों व्यक्ति फिलहाल हिरासत में हैं और 17 दिसंबर 2026 को ओल्ड बेली में उनकी सजा सुनाई जाएगी।