हूती हिरासत में UN कर्मचारी मोहम्मद अल शामी की मौत, गुटेरेस बोले- हो निष्पक्ष जांच
संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारी मोहम्मद अल शामी की हूती हिरासत में मौत हो गई है। महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इसकी कड़ी निंदा की है।

न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हूती समूह की हिरासत में संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी मोहम्मद अल शामी की मौत पर गहरा सदमा और कड़ी निंदा व्यक्त की है। अल शामी संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) में कार्यरत थे।
महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बताया कि मोहम्मद अल शामी को 6 जून 2024 से मनमाने ढंग से हिरासत में रखा गया था। संयुक्त राष्ट्र द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद, हूती समूह ने उनकी सेहत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और न ही उनके जीवित होने का कोई सबूत पेश किया।
एंटोनियो गुटेरेस ने इस मौत की परिस्थितियों की तत्काल, निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच की मांग की है।
हूती हिरासत में संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी की मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पहले फरवरी 2025 में विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के एक कर्मचारी की भी मौत हुई थी।
गुटेरेस ने संयुक्त राष्ट्र के 70 कर्मियों, पांच पूर्व कर्मचारियों और मानवीय एवं नागरिक समाज संगठनों से जुड़े कई अन्य लोगों की निरंतर हिरासत पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इन सभी की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग दोहराई है।