अब UAE और सिंगापुर के बड़े टूरिस्ट स्पॉट्स पर UPI से होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग
भारतीय पर्यटक अब दुबई के बुर्ज खलीफा और सिंगापुर के रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा की टिकटें UPI ऐप के जरिए ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।

नई दिल्ली: भारतीय पर्यटकों के लिए विदेश यात्रा अब और आसान हो गई है। अब यूएई (UAE) और सिंगापुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ऐप्स का इस्तेमाल किया जा सकेगा। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को इस सुविधा की जानकारी दी।
मंत्रालय के मुताबिक, दुनिया के इन दो बड़े पर्यटन केंद्रों पर जाने वाले भारतीय पर्यटक अब अपने पसंदीदा यूपीआई ऐप्स के जरिए आसानी से ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। यह सुविधा नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की अंतरराष्ट्रीय शाखा, एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने दोनों देशों के पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ साझेदारी करके शुरू की है।
यूएई में NIPL ने NEOPAY और एमार एंटरटेनमेंट के साथ हाथ मिलाया है। इसके तहत दुबई के 'एट द टॉप, बुर्ज खलीफा' की ऑनलाइन बुकिंग के लिए यूपीआई भुगतान शुरू किया गया है। बुर्ज खलीफा ई-कॉमर्स लेनदेन के लिए यूपीआई अपनाने वाला यूएई का पहला पर्यटन स्थल बन गया है।
वहीं सिंगापुर में NIPL ने FOMO Pay के साथ सहयोग किया है। इससे 'रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा' में यूपीआई स्वीकार किया जाएगा। इसमें यूनिवर्सल स्टूडियोज सिंगापुर, सिंगापुर ओशनरियम और एडवेंचर कोव वॉटरपार्क जैसे आकर्षण शामिल हैं।
वित्त मंत्रालय ने बताया कि बुर्ज खलीफा और रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा जैसे विश्व स्तरीय स्थलों पर यूपीआई का एकीकरण सीमा पार भुगतान के बढ़ते भरोसे और मांग को पूरा करता है। यूएई के लिए यह साझेदारी 29 जुलाई को और सिंगापुर के लिए 9 सितंबर को घोषित की गई थी।
फिलहाल यूपीआई सिंगापुर, यूएई, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका, कंबोडिया और ग्रीस समेत 10 देशों में स्वीकार किया जा रहा है। इससे पहले 26 जनवरी 2024 को फ्रांस के एफिल टॉवर के लिए यूपीआई आधारित टिकट बुकिंग शुरू की गई थी। 30 अगस्त को हुए एक व्यावसायिक समझौते के बाद उज्बेकिस्तान के 11वें देश बनने की उम्मीद है जहां यूपीआई चलेगा।