US और बांग्लादेश वायु सेना के बीच 'एक्सरसाइज कोप साउथ 2026' का आगाज
अमेरिका और बांग्लादेश की वायु सेनाओं ने ढाका में एक्सरसाइज कोप साउथ 2026 शुरू किया है, जिसमें C-130J ऑपरेशंस और राहत कार्यों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ढाका (बांग्लादेश): अमेरिका और बांग्लादेश की वायु सेनाओं ने रविवार से 'एक्सरसाइज कोप साउथ 2026' की शुरुआत कर दी है। यह अभ्यास ढाका स्थित बीएएफ बेस बीर उत्तम एके खंडकर में आयोजित किया जा रहा है।
अमेरिकी मिशन की एक्टिंग प्रवक्ता मारा बर्ड ने बताया कि अमेरिकी पैसिफिक एयर फोर्सेज द्वारा प्रायोजित यह अभ्यास पांच दिनों तक चलेगा और 5 नवंबर तक जारी रहेगा। उद्घाटन समारोह में बांग्लादेश के एयर वाइस मार्शल हैदर अब्दुल्ला और ढाका स्थित अमेरिकी दूतावास की एक्टिंग डिप्टी चीफ ऑफ मिशन त्रिशिता मौला ने प्रतिभागियों का स्वागत किया।
इस अभ्यास के दौरान दोनों देशों के पायलट, मेंटेनेंस स्पेशलिस्ट और लॉजिस्टिक्स टीमें एक साथ ट्रेनिंग लेंगी। इसमें मुख्य रूप से C-130J ऑपरेशंस और मेंटेनेंस, कार्गो हैंडलिंग, एविएशन सेफ्टी, इमरजेंसी रिस्पॉन्स, एयरफील्ड सिक्योरिटी और मेडिकल सपोर्ट जैसे विषयों पर जोर दिया जाएगा।
मारा बर्ड के मुताबिक, कोप साउथ क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों, प्राकृतिक आपदाओं और मानवीय आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया देने की दोनों वायु सेनाओं की क्षमता को मजबूत करता है। यह व्यावहारिक प्रशिक्षण संकट के समय आपातकालीन आपूर्ति पहुंचाने और राहत कार्यों में सहायता करने की उनकी क्षमता को निखारेगा।
अमेरिकी रक्षा विभाग के अनुसार, कोप साउथ एक वार्षिक द्विपक्षीय हवाई अभ्यास है, जिसे अमेरिकी वायु सेना और बांग्लादेश वायु सेना की युद्ध तत्परता और इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने जानकारी दी है कि अमेरिका और बांग्लादेश अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, शासन और विकास सहित कई मुद्दों पर करीब से सहयोग कर रहे हैं। दोनों सरकारों ने एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी, शांतिपूर्ण और सुरक्षित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई है।