Strait of Hormuz बंद होने के ईरान के दावे को US CENTCOM ने नकारा

दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक, Strait of Hormuz को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। ईरान के दावों के उलट, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने स्पष्ट किया है कि यह जलमार्ग पूरी तरह खुला है और यहां जहाजों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है।
दरअसल, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के एक जनरल ने दावा किया था कि Strait of Hormuz बंद है और यह पूरी तरह ईरान के नियंत्रण में है। IRGC कमांडर के सलाहकार मोहम्मदरेज़ा नकदी ने यहाँ तक संकेत दिया कि ओमान तट के पास के कुछ रास्तों को बंद कर दिया जाएगा। लेकिन अमेरिका ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।
तेल की आपूर्ति जारी, अमेरिका का कड़ा जवाब
CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए तथ्यों के साथ जवाब दिया। अमेरिका ने कहा कि इस समय Strait of Hormuz से व्यावसायिक सामान और ऊर्जा आपूर्ति का प्रवाह निरंतर जारी है, जिसमें लगभग 2 करोड़ बैरल कच्चा तेल शामिल है। अमेरिका ने जोर देकर कहा कि वह और उसके क्षेत्रीय साझेदार इस जलमार्ग पर नियंत्रण बनाए हुए हैं।
इसी बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने ईरान पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ईरान ने इस जलमार्ग पर अपना "पूर्ण नियंत्रण खो दिया है"। उन्होंने यह भी बताया कि तेल का प्रवाह काफी हद तक युद्ध-पूर्व स्तर पर वापस आ गया है।
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाएई ने कहा कि तेहरान ने क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए अपनी शर्तें स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि जहाजों के सुरक्षित आवागमन को लेकर ओमान के साथ एक आपसी समझ बनी है।