ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले के लिए अमेरिकी सेना तैयार, राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश का इंतजार
अमेरिकी सेना ईरान के परमाणु केंद्रों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर बड़े हमले के लिए तैयार है, रिपोर्ट में दावा किया गया है।

वॉशिंगटन: मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मंजूरी मिलने के 96 घंटों के भीतर इन ऑपरेशंस को शुरू किया जा सकता है।
रिपोर्ट में दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि अब सैन्य योजनाएं केवल रडार सिस्टम या मिसाइल लॉन्चरों जैसे छोटे लक्ष्यों तक सीमित नहीं हैं। ऐसे लक्ष्यों को आसानी से ठीक किया जा सकता है, इसलिए अब रणनीति बदली गई है।
सैन्य योजनाकारों ने अब उन लक्ष्यों की एक विस्तृत सूची तैयार की है जिसमें ईरान के परमाणु केंद्र, सैन्य ठिकाने और ऊर्जा से जुड़े महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे शामिल हैं। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस समय क्षेत्र में इतनी सैन्य ताकत मौजूद है कि इन ऑपरेशंस को तुरंत अंजाम दिया जा सके।
हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी तक किसी बड़े हमले की मंजूरी को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। सूत्रों का कहना है कि कोई भी सैन्य कार्रवाई इस साल के अंत तक हो सकती है। कई अधिकारियों ने 3 नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद के समय को इस कार्रवाई के लिए सबसे संभावित समय बताया है।