ईरान के परमाणु राज बताने वाले को अमेरिका देगा 20 मिलियन डॉलर
अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम का खुलासा करने या उसे बाधित करने वाली जानकारी देने वाले को 20 मिलियन डॉलर तक का इनाम देने का ऐलान किया है।

वॉशिंगटन: अमेरिकी सरकार ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम का पर्दाफाश करने या उसमें बाधा डालने वाली महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को 20 मिलियन डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। यह पहल अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा 'रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस' प्रोग्राम के तहत शुरू की गई है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) द्वारा जारी विवरण के अनुसार, सरकार विशेष रूप से परमाणु प्रोजेक्ट से जुड़ी सुविधाओं, मुख्य उपकरणों और इसमें शामिल वैज्ञानिकों व तकनीकी विशेषज्ञों के बारे में खुफिया जानकारी चाहती है। इसके अलावा यूरेनियम संवर्धन और मिसाइल विकास से जुड़ी संवेदनशील सामग्रियों या तकनीकों के अवैध हस्तांतरण पर भी नजर रखी जा रही है।
अमेरिकी प्रशासन लॉजिस्टिक्स, खरीद नेटवर्क और उन परमाणु साइटों की सटीक जानकारी तलाश रहा है जिनका अभी खुलासा नहीं हुआ है। वॉशिंगटन का कहना है कि यह कदम ईरान की परमाणु क्षमताओं को विकसित करने के प्रयासों को रोकने की उसकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
अमेरिका ने यह चिंता जताई है कि तेहरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के सुरक्षा उपायों का पालन नहीं कर रहा है, जिससे उसके उत्पादन क्षमताओं की निगरानी करना मुश्किल हो गया है।
जानकारी देने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विदेश विभाग ने बताया है कि पात्र मुखबिरों को दूसरे स्थान पर बसाने और पुनर्वास में सहायता दी जा सकती है।
संबंधित जानकारी रखने वाले लोगों को सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड माध्यमों से अपनी टिप्स भेजने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इसके लिए सिग्नल मैसेजिंग ऐप या टोर (Tor) नेटवर्क के जरिए उपलब्ध एक समर्पित टिप लाइन का उपयोग किया जा सकता है।