पश्चिम एशिया के संघर्ष में 14 नाविकों समेत 22 भारतीय नागरिकों की मौत, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि पश्चिम एशिया के संघर्ष में 14 नाविकों सहित 22 भारतीय नागरिकों की जान गई है।

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण अब तक 22 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक मरने वालों में 14 नाविक भी शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दो हफ्ते में एक बार होने वाली मीडिया ब्रीफिंग के दौरान यह बात बताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर भारत गंभीर रूप से चिंतित है।
जायसवाल ने बताया कि क्षेत्रीय तनाव के कारण सऊदी अरब में भी तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खाड़ी क्षेत्र में रह रहे भारतीय प्रवासियों और समुद्री कर्मियों की सुरक्षा के लिए राजनयिक मिशन लगातार संपर्क में हैं।
पश्चिम एशिया में भारतीय राजनयिक पोस्ट संवेदनशील समुद्री गलियारों में काम कर रहे भारतीय श्रमिकों और नाविकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए हालात पर नजर रख रहे हैं।
दूसरी तरफ, जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक नया यात्रा परामर्श जारी किया है। यह उन भारतीय नागरिकों और उमराह तीर्थयात्रियों की मदद के लिए किया गया है, जिन्हें सऊदी अरब में उड़ानों के व्यवधान का सामना करना पड़ रहा है।
दूतावास ने बताया कि जेद्दा और मदीना से सऊदी एयरलाइंस और अन्य अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के जरिए भारत के लिए सेवाएं जारी हैं। इसके अलावा, निजी एयरलाइन फ्लाईनास ने दम्माम और रियाद से लखनऊ, मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, कोझिकोड और कोच्चि के लिए अतिरिक्त उड़ानें शुरू की हैं।
राजनयिक मिशनों ने टूर ऑपरेटरों से आग्रह किया है कि वे तीर्थयात्रियों की वापसी के लिए इन बढ़ी हुई उड़ानों का उपयोग करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट बुकिंग और शेड्यूल की एयरलाइंस से पुष्टि जरूर कर लें। जेद्दा और मक्का में भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहे हैं।