सऊदी में King Khalid Airport से चालू होगा Yellow Expo Train. इन इलाकों में झट से पहुचेंगे, फ्लाइट से उतरने वाले।
रियाद में येलो एक्सपो ट्रेन स्टेशन का काम शुरू। किंग खालिद एयरपोर्ट से एक्सपो 2030 साइट तक यात्रियों का सफर होगा आसान।

रियाद: सऊदी अरब में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली येलो ट्रैक लाइन पर एक्सपो स्टेशन का निर्माण कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। इस नई ट्रेन सेवा के चालू होने से फ्लाइट से उतरने वाले यात्री अब बेहद कम समय में एक्सपो 2030 साइट और अन्य शहरी विकास क्षेत्रों तक पहुंच सकेंगे।
यह स्टेशन किंग सलमान रोड पर एक ग्रीन कॉरिडोर के भीतर बनाया जा रहा है। करीब 70,000 वर्ग मीटर में फैला यह स्टेशन हर घंटे 19,000 यात्रियों की भीड़ को संभालने की क्षमता रखेगा। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि एक्सपो 2030 में आने वाले पर्यटक सार्वजनिक परिवहन के जरिए आसानी से अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।
स्टेशन की वास्तुकला रियाद के स्थानीय परिदृश्य, घाटियों और पेड़ों से प्रेरित है। इसमें 134 मीटर व्यास का एक विशाल स्टील डोम होगा, जिसे आठ शाखाओं वाले कॉलमों का सहारा दिया गया है, जो बबूल (acacia) के पेड़ों की तरह दिखेंगे।
पर्यावरण का ध्यान रखते हुए प्रोजेक्ट में 44,000 वर्ग मीटर का ग्रीन स्पेस शामिल किया गया है। साथ ही, स्टेशन की कुल ऊर्जा जरूरतों का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा प्रणालियों के जरिए पूरा किया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, यह स्टेशन केवल प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में इस क्षेत्र और आसपास के गंतव्यों के लिए निरंतर सेवा प्रदान करता रहेगा। निर्माण कार्य को एक्सपो 2030 की तैयारी के समय तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निर्माण के दौरान आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम न हो, इसके लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, जिसमें वैकल्पिक रास्तों का प्रावधान है। इस पूरी योजना का मुख्य उद्देश्य किंग खालिद एयरपोर्ट से येलो एक्सपो ट्रेन के जरिए यात्रियों की आवाजाही को तेज और सुगम बनाना है।