यमन के पास ऑयल टैंकर के करीब हुए धमाके, जहाजों के लिए चेतावनी जारी

लाल सागर और अदन की खाड़ी के मुहाने पर एक बार फिर से समुद्री सुरक्षा को लेकर बड़ा खतरा मंडराता नजर आ रहा है। यमन के अल मुखा शहर के दक्षिण में जल क्षेत्र से गुजर रहे एक कमर्शियल ऑयल टैंकर के बेहद करीब अचानक कई जोरदार धमाके हुए, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना के सामने आते ही अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की नींद उड़ गई है और नौवहन के लिए गंभीर चेतावनी जारी कर दी गई है.
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स यानी यूकेएमटीओ ने इस गंभीर घटना की पुष्टि की है। एजेंसी के अनुसार, जब यह ऑयल टैंकर अल मुखा से करीब 60 नॉटिकल मील की दूरी पर था, तब चालक दल ने जहाज के पास ही तेज धमाकों की आवाज सुनी और उन्हें महसूस किया। गनीमत यह रही कि इस खतरनाक घटना में जहाज पर मौजूद सभी क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है। इसके अलावा, प्रारंभिक रिपोर्टों में राहत की बात यह भी सामने आई है कि जहाज से किसी तरह का तेल रिसाव नहीं हुआ है, जिससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील है यह समुद्री मार्ग
फिलहाल इन धमाकों के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही किसी संगठन या देश ने इसकी जिम्मेदारी ली है। यूकेएमटीओ ने इस पूरी घटना को एक संदिग्ध गतिविधि करार देते हुए इसकी आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। चूंकि यह पूरी घटना रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास हुई है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों ने इस रूट से गुजरने वाले सभी कमर्शियल जहाजों और कैप्टन को अत्यधिक सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं.