यमन सेना ने ऑपरेशन डॉन ऑफ यमन के तहत 620 हूती लड़ाकों को ढेर कर 190 सैन्य वाहन तबाह किए
यमन की सेना ने ऑपरेशन डॉन ऑफ यमन के तहत 620 हूती लड़ाकों को खत्म करने और 190 सैन्य वाहनों को तबाह करने का दावा किया है।

यमन: यमन की सेना ने एक बड़े सैन्य अभियान के दौरान लगभग 620 हूती लड़ाकों को खत्म करने का दावा किया है। सेना ने बताया कि यह कार्रवाई 'ऑपरेशन डॉन ऑफ यमन' के तहत की गई है, जिसमें हूती विद्रोहियों के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाई गई।
सैन्य प्रवक्ता माजिद अब्दुल्ला अल-नुज़यली ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों के भीतर कुल 1,392 टारगेट ऑपरेशन्स चलाए गए। इन कार्रवाइयों में जमीनी छापेमारी, हवाई हमले और भारी गोलाबारी शामिल थी, जो अलग-अलग मोर्चों पर की गई।
इस हमले में करीब 190 सैन्य वाहनों और कई हथियार प्रणालियों को नष्ट या क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सेना ने मुख्य रूप से हूती लड़ाकों के जमावड़े, उनके फील्ड कमांडरों, किलाबंदी, खाइयों और बख्तरबंद वाहनों को निशाना बनाया।
अल-नुज़यली के मुताबिक, इन ऑपरेशन्स से हूती कमांड स्ट्रक्चर पूरी तरह बिखर गया है। साथ ही उनकी सप्लाई लाइन काट दी गई है, जिससे दुश्मन की अतिरिक्त टुकड़ियों की आवाजाही में बड़ी बाधा आई है।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यमन की सेना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का पालन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आम नागरिकों और जरूरी बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी सावधानी बरती गई।
यमन सेना द्वारा किए गए इन दावों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, हूती आंदोलन की तरफ से इन नुकसानों और मौतों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।